1 जुलाई से IRCTC पर आधार-प्रमाणित यूजर्स ही कर सकेंगे तत्काल टिकट बुकिंग, 15 जुलाई से OTP सत्यापन भी अनिवार्य
नई दिल्ली,एआर लाइव न्यूज। भारतीय रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से बड़े बदलावों की घोषणा की है। रेलवे मंत्रालय के अनुसार, 1 जुलाई 2026 से केवल आधार (Aadhaar) से प्रमाणित IRCTC खाताधारक ही ऑनलाइन तत्काल टिकट बुक कर सकेंगे। | Railway Tatkal Ticket Booking Rules 2026 | railway-tatkal-ticket-booking-aadhaar-authentication-mandatory-july-2026
मंत्रालय ने बताया कि इस कदम का उद्देश्य वास्तविक यात्रियों को तत्काल टिकट का लाभ दिलाना और बुकिंग प्रक्रिया में होने वाली अनियमितताओं पर रोक लगाना है।
15 जुलाई से OTP सत्यापन भी होगा अनिवार्य
रेलवे के नए नियमों के तहत 15 जुलाई 2026 से ऑनलाइन तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार आधारित OTP प्रमाणीकरण अनिवार्य कर दिया जाएगा। इसके अलावा, कंप्यूटरीकृत यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) काउंटरों और अधिकृत एजेंटों के माध्यम से बुक होने वाले तत्काल टिकटों के लिए भी उपयोगकर्ता के मोबाइल नंबर पर भेजे गए OTP का सत्यापन आवश्यक होगा।
एजेंटों पर भी लगी नई पाबंदी
अक्सर यह शिकायत आती है कि ऑनलाइन तत्काल टिकट बुक करने का ऑप्शन जैसे ही तय समय पर ओपन होता है, कुछ ही मिनट में सभी टिकट बुक हो जाती हैं। आमजन की इसी समस्या के समाधान के लिए यह नया नियम लागू किया गया है।
- AC श्रेणी के तत्काल टिकटों के लिए सुबह 10:00 बजे से 10:30 बजे तक एजेंट टिकट बुक नहीं कर सकेंगे।
- Non-AC श्रेणी के तत्काल टिकटों के लिए सुबह 11:00 बजे से 11:30 बजे तक एजेंटों को बुकिंग की अनुमति नहीं होगी।
रेलवे का मानना है कि इससे आम यात्रियों को टिकट बुक करने का बेहतर अवसर मिलेगा और एजेंटों द्वारा बड़ी संख्या में टिकट आरक्षित करने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगेगा।
पारदर्शिता और निष्पक्षता बढ़ाने पर जोर
रेलवे मंत्रालय ने कहा कि ये बदलाव तत्काल टिकट योजना को अधिक निष्पक्ष, पारदर्शी और यात्री-केंद्रित बनाने के लिए लागू किए जा रहे हैं। इसके लिए सेंटर फॉर रेलवे इन्फॉर्मेशन सिस्टम्स (CRIS) और IRCTC को आवश्यक तकनीकी बदलाव करने तथा सभी जोनल रेलवे और संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
यात्रियों के लिए क्या बदल जाएगा?
- 1 जुलाई से आधार-प्रमाणित IRCTC अकाउंट जरूरी।
- 15 जुलाई से आधार OTP सत्यापन अनिवार्य।
- काउंटर और एजेंट बुकिंग में भी OTP प्रमाणीकरण।
- टिकट एजेंट शुरुआती 30 मिनट तक तत्काल टिकट बुक नहीं कर सकेंगे।
- आम यात्रियों को टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।
रेलवे के इस फैसले को तत्काल टिकट प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने और फर्जी या बड़े पैमाने पर की जाने वाली बुकिंग पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


