शहीदों में राजस्थान का सपूत भी शामिल
जोरहाट/असम,एआर लाइव न्यूज। भारतीय वायु सेना (IAF) का AN-32 विमान शनिवार सुबह असम के जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर, फ्लाइट लेफ्टिनेंट, सार्जेंट और दो अग्निवीर वायु सैनिक कुल 5 वायुसेनाकर्मी शहीद हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही वायुसेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। IAF aircraft accident Jorhat Assam
IAF द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम शहीद हुए हैं। IAF ने अपने पांच कर्मियों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। वायु सेना ने बताया कि दुर्घटना में पांचों जवानों ने राष्ट्र सेवा के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया।

परिवार में जिसकी शादी कराने की बातें चल रही थी, उसके शहीद होने की खबर आ गयी
शहीद हुए अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत राजस्थान में डीडवाना-कुचामन जिले के पांचोता गांव के रहने वाले थे। हादसे में खेमाराम के शहीद होने की सूचना जैसे ही परिजनों तक पहुंची, गांव में शोक की लहर छा गयी। परिवार में मातम छाया हुआ है, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। शहीद कुमावत के घर पर रिश्तेदारों एवं ग्रामीणों का तांता लग गया।परिजनों ने बताया कि 22 वर्षीय खेमाराम का कार्यकाल पूरा होने वाला था। परिवार में उसकी शादी की बातें चल रही थीं।
हादसे की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित
भारतीय वायु सेना द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, AN-32 विमान जोरहाट में एक नियमित मिशन पर था, तभी वह दुर्घटना का शिकार हो गया। फिलहाल दुर्घटनास्थल पर प्रबंधन कार्य (Crash Site Management) और प्रारंभिक जांच जारी है। कोर्ट ऑफ इन्क्वॉयरी के आदेश दे दिए गए हैं।
अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी और अधिक जानकारी उपलब्ध होगी, उसे आधिकारिक रूप से साझा किया जाएगा।
प्रमुख बिंदु (Highlights)
- असम के जोरहाट में IAF का AN-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त।
- हादसा शनिवार सुबह लगभग 10 बजे नियमित उड़ान के दौरान हुआ।
- दुर्घटनास्थल पर राहत एवं प्रारंभिक जांच जारी।
- IAF ने शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
क्या है AN-32 विमान?
AN-32 (Antonov-32) एक ट्विन-इंजन टैक्टिकल मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट है, जिसे विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण मौसम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में संचालन के लिए डिजाइन किया गया है। यह विमान भारतीय वायुसेना के परिवहन बेड़े का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


