नारायण सेवा संस्थान का वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी सेंटर दिव्यांगजन सशक्तिकरण का नया अध्याय : दिव्यांगजनों को एक ही छत के नीचे शल्य चिकित्सा, पुनर्वास, रोजगार प्रशिक्षण से लेकर सभी सुविधाएं मिलेंगी
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। नारायण सेवा संस्थान द्वारा दिव्यांगजनों के लिए समर्पित हॉस्पिटल “वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी” सेंटर का लोकार्पण हो गया है। 2 लाख 40 हजार वर्ग फीट में निर्मित 11 मंजिला वातानुकूलित हॉस्पिटल में न सिर्फ दिव्यांगजनों के लिए उन्नत तकनीकों से युक्त ऑपरेशन थिएटर हैं, जहां हड्डी, पोलियो, क्लबफुट व अन्य शल्य चिकित्सा होगी, वहीं यहां अत्याधुनिक फिजियो और रिहैबिलिटेशन सेंटर में व्यक्तिगत पुनर्वास भी हो सकेगा। स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण केन्द्र में दिव्यांगजन प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे तो विशेष योग्य बच्चों के लिए आवासीय विद्यालय भी उपलब्ध होगा। World of Humanity Hospital by narayan seva sansthan inaugurated in Udaipur rajasthan for disabled people. वीडियो पर क्लिक कर जानें दिव्यांगजनों के लिए बने हॉस्पिटल की जानकारी:-
संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि यह भवन मात्र चिकित्सा केंद्र नहीं, यह अवसरों का भी द्वार है। यहां आने वाला हर व्यक्ति यह विश्वास लेकर वापस जाएगा कि वह सक्षम है, समर्थ है और जीवन को पुनः गढ़ सकता है। 450 बैड के इस हॉस्पिटल “वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी” में शल्य चिकित्सा से लेकर, फिजियो और रिहैबिलिटेशन सेंटरए उपकरण के उत्पादन, स्वरोजगार प्रशिक्षण केन्द्र और विशेष योग्य बच्चों के लिए आवासीय विद्यालय सभी सेवाएं उपलब्ध होंगी। खासबात यह है कि इन सेवाओं के लिए लाभार्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। चाहे वह ऑपरेशन हो, कृत्रिम हाथ-पैर, फिजियोथेरेपी, रिहैब, रहना, भोजन, अथवा स्वरोजगार प्रशिक्षण हर सुविधा निःशुल्क प्रदान की जाएगी।

ये सुविधाएं होंगी खास
मीडिया विजिट करवाते हुए नारायण सेवा संस्थान ट्रस्टी देवेंद्र चौबीसा, मीडिया प्रभारी विष्णु शर्मा हितैषी एवं जनसंपर्क प्रमुख भगवान प्रसाद गौड़ ने सभी फ्लोर की विजिट और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी का भूमि पूजन 8 फरवरी 2020 को हुआ था। उद्देश्य था एक ऐसा परिसर बनाना जहां दिव्यांग भाई-बहनों को उपचार से लेकर पुनर्वास तक की सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा सकें।
- दो मॉडर्न ऑपरेशन थिएटर : जहां हड्डी, पोलियो, क्लबफुट व अन्य शल्य चिकित्सा की उन्नत तकनीकों का उपयोग होगा।
- अत्याधुनिक फिजियो और रिहैबिलिटेशन सेंटर : जहां प्रत्येक लाभार्थी को व्यक्तिगत पुनर्वास योजना प्रदान की जाएगी।
- कृत्रिम हाथ-पैर एवं ऑर्थोटिक उपकरणों का उत्पादन केंद्र : परिसर में ही उपकरण उत्पादन केन्द्र होगा, ताकि मौके पर ही दिव्यांगजन के साइज के अनुसार उपकरण तैयार और प्रदान किए जा सकें।
- स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण केंद्र : जैसे मोबाइल रिपेयरिंग, कंप्यूटर प्रशिक्षण, फैशन डिजाइनिंग, टेलरिंग, मैकेनिकल कौशल आदि।
- विशेष योग्य बच्चों के लिए आवासीय विद्यालय : जहाँ शिक्षा, पोषण, उपचार और मनोवैज्ञानिक सहयोग एकीकृत रूप से उपलब्ध होगा।

मानवता की इस यात्रा में समाज की भागीदारी आवश्यक
संस्थान संस्थापक कैलाश मानव ने कहा कि मानव सेवा के इस दीपक की रोशनी हर जरूरतमंद तक पहुंचे, मुझे खुशी है कि समाज के सहयोग से 1985 में आरम्भ हुई। यह सेवा यात्रा आज देश-विदेश में जारी है और दिव्यांग तथा निर्धन वर्ग इस सम्बल को पाकर जीवन में खुशहाली का स्वप्न साकार कर रहा है।

इस सेंटर के जरिए संस्थान देशभर के अधिकतम दिव्यांगजनों तक पहुंचने का प्रयास करेगा
संस्थान प्रतिनिधि से बताया कि संस्थान देशभर में 4500 शिविरों के जरिए अधिकतर दिव्यांजनों तक पहुंचने का प्रयास करेगा, ताकि शिविरों के जरिए दिव्यांगजन वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी से जुड़कर निशुल्क जांच व उपचार प्राप्त कर सकें। इसके लिए संस्थान हर वर्ष 150 नारायण लिंब एवं दिव्यांग जांच शिविर भी आयोजित करेगा। दिव्यांगजन नारायण सेवा संस्थान तक पहुंच सके, इसके लिए 6000 नई शाखाएं भी स्थापित की जाएंगी।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


