रेजीडेंट्स ने कहा इस वॉटर कूलर में करंट आने की शिकायत पहले भी कॉलेज प्रशासन को की थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया, आरएनटी परिसर में विरोध प्रदर्शन जारी
सरकारी कार्यक्रम के चलते सरकार के मंत्री, विधायक भी परिसर में थे, लेकिन किसी ने रेजीडेंट डॉक्टर्स के पास जाने की जहमत नहीं उठाई
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महाराणा भूपाल हॉस्पिटल के आरएनटी मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में बुधवार देर रात डॉक्टर रवि शर्मा की करंट लगने से मौत हो गयी। डॉ. रवि हॉस्टल परिसर में लगे वॉटर कूलर से पानी भर रहे थे, इसी दौरान उन्हें जोरदार करंट लगा और वे बेहोश हो गए। डॉक्टर की चीख की आवाज सुनकर अन्य रेजीडेट्स डॉक्टर दौड़ कर उनके पास आए, सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया और तत्काल हॉस्पिटल इमरजेंसी लेकर गए। लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। udaipur RNT Medical college hostel doctor died due to electric shock by water cooler, resident doctors on strike in protest of this incident
वॉटर कूलर से लगे करंट से डॉक्टर की मौत पर गुस्साए रेजीडेंट्स ने काम बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। रेजीडेंट्स ने कहा कि इस वॉटर कूलर में करंट आ रहा था, इसकी शिकायत पहले भी कॉलेज प्रशासन को की गयी थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया और नतीजा ये हुआ कि आज हमारे बीच एक डॉक्टर की करंट से मौत हो गयी। रेजीडेंट्स ने कहा जब तक जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, हड़ताल जारी रहेगी।
सरकार के मंत्री, विधायक भी परिसर में थे, लेकिन किसी ने रेजीडेंट डॉक्टर्स के पास जाने की जहमत नहीं उठाई
सिस्टम की हालत यह है कि जिस आरएनटी मेडिकल कॉलेज परिसर में डॉक्टर की मौत के बाद इतना हंगामा हो रहा था, उसी समय उसी आरएनटी मेडिकल कॉलेज के सभागार में जनजाति क्षेत्रीय मंत्री बाबूलाल खराड़ी के मुख्य आतिथ्य में सिकल सेल दिवस को लेकर राज्य स्तरीय समारोह चल रहा था। जिसमें शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा सहित कई अधिकारी और नेता मौजूद थे। कार्यक्रम में आरएनटी मेडिकल कॉलेज में संचालित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उपलब्ध सुविधाओं की गाथा गायी जा रही थी, जबकि कुछ घंटे पहले ही उसी आरएनटी के हॉस्टल में लगे वॉटर कूलर के करंट से एक डॉक्टर की मौत हो गयी।

रेजीडेंट्स ने कहा जब तक जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, हड़ताल जारी रहेगी
आरएनटी मेडिकल कॉलेज के रेजीडेंट डॉक्टर एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. दीपेन्द्र ने बताया कि आरएनटी कॉलेज के हॉस्टल के फोर्थ फ्लोर पर एक वाटर कूलर लगा है। हॉस्टल में रह रहे रेजीडेंट के भाई जो खुद एक डॉक्टर है, वे रात करीब डेढ बजे वाटर कूलर से पानी भर रहे थे, जहां अचानक शॉक लगने से वे बेहोश हो गए। अन्य रेजीडेंट्स ने उन्हें सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया और तत्काल ट्रोमा इमरजेंसी लेकर गए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका और उनकी मौत हो गयी। हमारी मांग है कि इस हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। हम सभी रेजीडेंट्स, सीनियर रेजीडेंट्स कम्पलीट हड़ताल पर है। ओपीडी, आईसीयू, ट्रोमा, इमरजेंसी सभी में हड़ताल है। जिसकी जिम्मेदारी है, वह जिम्मेदारी ले और इस्तीफा दे, प्रशासन उसके खिलाफ कार्रवाई करे। जब तक ऐसा नहीं होता हमारी हड़ताल जारी रहेगी।
खेरवाड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टेड थे, भाई से मिलने आरएनटी हॉस्टल आए थे
नागौर के मकराना निवासी 35 वर्षीय डॉक्टर रवि शर्मा खेरवाड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टेड थे। उन्हें कुछ ही दिनों में एमबी हॉस्पिटल में जॉइनिंग करनी थी। डॉ. रवि के चचेरे भाई प्रशांत भी रेजीडेंट डॉक्टर हैं और आरएनटी मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में रह रहे थे। डॉ. रवि दो दिन के लिए भाई प्रशांत से मिलने आए थे और उनके कमरे पर ही रूके हुए थे। बीती रात प्रशांत की नाईट ड्यूटी थी तो वे एमबी हॉस्पिटल में ड्यूटी कर रहे थे, वहीं डॉ. रवि हॉस्टल के कमरे पर थे। रात करीब डेढ़ बजे डॉ. रवि हॉस्टल कॉरिडोर में लगे वॉटर-कूलर से पानी भर रहे थे, तभी उन्हें जोरदार करंट लगा और वे बेहोश हो गए। उनकी चीख सुनकर अन्य रेजीडेंट आए, उन्हें हॉस्पिटल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
डॉ. रवि की डेढ़ साल और दो साल की दो बेटियां हैं
डॉ. रवि के भाई प्रशांत ने बताया कि भाई के दो महीने पहले ही एमबी हॉस्पिटल में पोस्टिंग के ऑर्डर हो गए थे, लेकिन प्रशासनिक कारणों से तब जॉइनिंग नहीं हुई, भाई कुछ ही दिनों में एमबी हॉस्पिटल में जॉइनिंग करने वाले थे। उनके घर में पत्नी और दो बेटियां हैं। एक बेटी डेढ़ और एक दो साल की है। आज दो नन्ही बेटियों के सिर से उनके पिता का साया उठ गया। वॉटर कूलर में करंट की शिकायत पहले कॉलेज प्रशासन को की थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। udaipur RNT Medical college hostel doctor died due to electric shock by water cooler, resident doctors on strike in protest of this incident
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


