उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने सरकार की नीलामी के जरिए पोटाश, हैलाइट और रेयर अर्थ एलिमेंट्स के दो महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक हासिल किए हैं। खनिज ब्लॉक ई-नीलामी के पांचवें चरण के तहत कंपनी को राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में भारत के पहले पोटाश और हैलाइट ब्लॉक और उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में रेयर अर्थ एलिमेंट्स ब्लॉक मिले हैं। इसके जरिए हिंदुस्तान जिंक की स्थिति महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में और मजबूत होगी। इस महीने की शुरुआत में कंपनी को बालेपालयम टंगस्टन और एसोसिएटेड मिनरल ब्लॉक के लिए आंध्र प्रदेश सरकार से आशय पत्र भी मिला। Hindustan Zinc gets India First Potash block and Rare Earth Elements block in e auction of government
कोयला एवं खान मंत्री किशन रेड्डी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा भारत में पहली बार पोटाश खनन का मार्ग प्रशस्त, भारत उर्वरक खनिजों में आत्मनिर्भरता की ओर एक साहसिक उपलब्धि है, पोटाश खनन की क्षमता को अनलॉक करके, हम आयात निर्भरता को कम करने और हमारे कृषि-हमारे किसानों की रीढ़ को मजबूत करने के लिए तैयार हैं।
अब तक 100 प्रतिशत पोटाश दूसरे देशों से आयात करना पड़ता था
हिन्दुस्तान जिंक के सीईओ अरुण मिश्रा ने कहा कि भारत के पहले पोटाश ब्लॉक और रेयर अर्थ एलिमेंट्स ब्लॉक को हासिल करना रणनीतिक मिनरल एक्सप्लोरेशन में हमारी क्षमता का प्रमाण है। हम महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इससे राज्य में कई उद्योगों में नए निवेश के साथ.साथ अभूतपूर्व प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनेगें।
पोटाश उर्वरक उद्योग में प्रमुख खनिज है जिसका उपयोग एनपीके उर्वरकों के उत्पादन के लिए किया जाता है, जिसका भारत की कृषि अर्थव्यवस्था में व्यापक रूप से उपयोग किया जाता है। वर्तमान में भारत मुख्य रूप से कनाडा, बेलारूस, जॉर्डन, दक्षिण कोरिया और अन्य देशों से 100 प्रतिशत पोटाश का आयात करता है। देश के पहले पोटाश और हैलाइट ब्लॉक की सफल नीलामी उर्वरक खनिजों में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है जिससे आयात निर्भरता कम हो। राजस्थान के हनुमानगढ़ में स्थित यह ब्लॉक 1841.22 हेक्टेयर में फैला है और वर्तमान में एक्सप्लोरेशन के जी3 स्तर पर है। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में स्थित रेयर अर्थ एलिमेंट ब्लॉक 210.01 हेक्टेयर में फैला है और वर्तमान में एक्सप्लोरेशन के जी3 स्तर (प्रारंभिक स्तर) पर है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


