कंप्यूटर स्क्रीन एप्लीकेशन के जरिए शेयर कर करवायी गयी नकल
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जयपुर पुलिस और एटीएस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नेशनल सीड्स कॉर्पोरेशन में भर्ती के लिए हुई कम्प्यूटराइज्ड परीक्षा में नकल गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने 8 और एटीएस ने 6 कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि गिरोह के दो सरगना फरार हैं। कंप्यूटर स्क्रीन को एप्लीकेशन के जरिए शेयर कर अभ्यर्थियों को नकल करवायी जा रही थी। इसमें परीक्षा केन्द्र अधीक्षक की भी मिलीभगत पायी गयी है। प्रारंभिक जांच में इस गिरोह द्वारा रेलवे सहित अन्य भर्ती परीक्षाओं में भी नकल करवाने के सबूत मिले हैं। jaipur police bust cheating gang in computerized examination, 14 accused arrest in recruitment exam of national Seeds Corporation
जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि नेशनल सीड्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड की एग्री ट्रैनी भर्ती परीक्षा में नकल कराए जाने की सूचना मिली थी। इस पर संदिग्धों को तकनीकी रूप से ट्रैस करना शुरू किया। पहले गिरोह के दो आरोपी पकड़े, इनसे पूछताछ में पूरे गिरोह का खुलासा हो गया।
ये आरोपी गिराफ्तार
नेशनल सीड्स कॉर्पोरेशन की भर्ती में नकल के मामले में मनीष कुमार, खुशीराम, नवीन सारण, अंकित कुमार अभ्यर्थियों के कंप्यूटर को अवैध रूप से रिमोट एक्सेस पर लेकर नकल करवा रहे थे। इस मामले में मनीष कुमार, खुशीराम, नवीन सारण, अंकित कुमार सहित संदीप कुमार, बलबीर, कश्मीर झाझड़िया, नितेश कुमार, सुमित सिंह, जोरावर सिंह मीणा, प्रवीण यादव, मुकेश कुमार मीणा, टिंकू चौधरी उर्फ गुरुजी और रूपम पचार को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों के कब्जे से 1,68,500 रूपए नकद बरामद हुए
पुलिस ने शास्त्री नगर में एसजेएम कंप्यूटर कॉलेज पर दबिश देकर एसजेएम कंप्यूटर कॉलेज से संदीप, बलबीर और कश्मीर को पकड़ा और उनके कब्जे से 168500 रुपए नकद, छह एडमिट कार्ड, सात हस्ताक्षरशुदा खाली चेक, तीन लैपटॉप, वाई-फाई राउटर, एक प्रिंटर-स्कैनर सहित अन्य उपकरण जब्त किए हैं। इस सेंटर से भी नकल करवायी जा रही थी।
परीक्षा केन्द्रों के संचालक ही नकल गिरोह में शामिल
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि संदीप, परमजीत, जोगेंद्र, हैरिटेज वायुना सीनियर सैकंडरी स्कूल, खातीपुरा का संचालक प्रवीण, वैदिक कन्या स्कूल में कंप्यूटर लैब संचालक नंदू ठेकेदार, आईटी इंफ्रा के कंप्यूटर लैब संचालक दिलखुश व गणपति ठेकेदार, द लॉरेन्स स्कूल मानसरोवर के कंप्यूटर लैब संचालक व कॉन्ट्रैक्टर प्रदीप, संदीप उर्फ सैंडी के साथ मिलकर संगठित रूप से परीक्षाओं में नकल करवाने और पेपर सॉल्व करवाने का काम करते हैं।
2022 में खोला था सेंटर
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि संदीप ने 2022 में शास्त्री नगर में एसजेएम कॉलेज खोला था। जहां ऑनलाइन एग्जाम सेंटर लिया। 2024 में बैंक प्रमोशन की परीक्षा में दो अभ्यर्थियों को पास करवाने के लिए नंदू और परमजीत ने संदीप से संपर्क किया था, लेकिन वह परीक्षा नोटबुक पर हुई थी। पुलिस को रेलवे और आरपीएफ के प्रमोशन टेस्ट में नकल करवाने के साक्ष्य मिले हैं।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


