यातायात नियंत्रित कर रहे सुरेन्द्र सिंह ने काफिले की गाड़ी को टक्कर मारे वाले उस टैक्सी कार को चौराहे पर रोकने की कोशिश की थी
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जयपुर के जगतपुरा में आज बुधवार दोपहर सीएम भजनलाल शर्मा के काफिले में रॉन्गसाइड से तेज गति में घुसी कार ने काफिले में शामिल दो गाड़ियों को टक्कर मार दी थी, इस हादसे में गंभीर घायल हुए पुलिस एएसआई सुरेन्द्र सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गयी है। एएसआई सुरेन्द्र सिंह सीएम काफिले के आने पर यातायात नियंत्रित करने के लिए अक्षयपात्र चौराहे पर ड्यूटी कर रहे थे। jaipur taxi car hits cm convoy serious injured police asi surender singh died in hospital
एएसआई सुरेन्द्र सिंह चौराहे की तरफ आने वाले वाहनों को रोक रहे थे, इसी दौरान तेज गति में टैक्सी कार आयी, सुरेन्द्र सिंह ने टैक्सी कार को भी रोकने की कोशिश की तो टैक्सी कार चालक ने उन्हें भी टक्कर मारी और सीएम काफिले में सबसे आगे चल रही एसीपी की गाड़ी से जा भिड़ा। हादसे में एएसआई सुरेन्द्र सिंह के सिर में चोट आने से वे गंभीर घायल हुए थे, जिन्हें तत्काल हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां बुधवार रात उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घायल अन्य पुलिसकर्मियों का चल रहा है उपचार
सीएम काफिले के साथ हुए इस एक्सीडेंट के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा खुद घायल पुलिसकर्मियों को लेकर हॉस्पिटल पहुंचे थे। घायल हुए एसीपी सहित चार पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है।
गौरतलब है कि बुधवार दोपहर सीएम भजनलाल शर्मा राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट से जगतपुरा स्थित एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। सीएम का काफिला अक्षयपात्र चौराहे पर पहुंचा ही था कि रॉन्ग साइड से तेज गति में एक टैक्सी कार सीएम काफिले में घुस गयी। जब तक कोई कुछ कर पाता उस टैक्सी कार ने चौराहे पर यातायात नियंत्रित कर रहे एएसआई को टक्कर मारी और फिर सीएम काफिले में सबसे आगे चल रहे एसीपी की गाड़ी से जा भिड़ा था। हादसे में एएसआई सुरेन्द्र सिंह सहित काफिले में शामिल गाड़ी में मौजूद 5 पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


