जयपुर,एआर लाइव न्यूज। राज्य में भीषण गर्मी का दौर जारी है, हीट स्ट्रोक की शिकायत लेकर कई लोग अस्पताल भी पहुंच रहे हैं। इसी बीच प्रदेश के पूर्व मंत्री व विधायक शांति धारीवाल ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भीषण गर्मी से लोगों की मौत हो रही हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन आंकड़ों को छुपा रहा है।(heat stroke death in rajasthan)
धारीवाल ने कहा प्रदेश में भीषण गर्मी के कारण 30 से अधिक मौतें हो चुकी हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन इन लोगों की मौतों के भिन्न कारण बताकर इनकी गर्मी से हुई मौत नहीं मान रही है। इन मृतकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है। शांति धारीवाल ने आरोप लगाया कि सरकार ऐसा इसलिए कर रही है, ताकि मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा न देना पड़े। गौरतलब है कि सरकार ने प्रदेश में अभी तक सिर्फ 1 व्यक्ति की मौत हीट स्ट्रोक से मानी है।
अधिकारियों को ऊपर से मिले डायरेक्शन कि मौत हीट स्ट्रोक में न बताएं
धारीवाल ने कहा कि ऐसा लगता है कि प्रशासन और चिकित्सा विभाग को ऊपर से डायरेक्शन मिला हुआ है कि मौत की वजह हीट स्ट्रोक न बताएं। जिनकी मौत हीट स्ट्रोक से हुई है, उनके और उनके परिजनों के साथ नाइंसाफी हो रही है। जो गरीब लोग फुटपाथ पर रहा करते थे और फुटपाथ पर ही उनके शव पाए गए हैं, जबकि मौसम विभाग मानता है कि गर्मी से मौत हुई होगी, धारीवाल ने कहा अत्यधिक गर्मी या सर्दी में नगर निगम व यूआईटी शेल्टर की व्यवस्था करती थी, ताकि फुटपाथ पर सोने वाले लोग यहां शरण ले सकें, लेकिन इस बार शेल्टर तो दूर प्याऊ तक नहीं लगाए गए हैं।
धारीवाल ने कहा कि आपदा राहत मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने हीट स्ट्रोक से मौत पर मुआवजा देने की घोषणा कर दी, लेकिन चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर कह रहे हैं कि जब मौत ही नहीं हुई तो मुआवजा किसे दिया जाए। मंत्रियों के आपसी विवाद की वजह से मामला फंसा हुआ है। दूसरी तरफ प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल को बाहर के दौरों और चुनावी प्रचार से फुर्सत नहीं है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


