1690 करोड़ की है यह परियोजना
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर की झीलों को हमेशा लबालब रखने और पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने शुक्रवार को 1690 करोड़ की देवास थर्ड-फोर्थ परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने किया।(dewas third fourth project udaipur)
गोगुंदा में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि इस परियोजना के मुर्त रूप लेने से उदयपुर में पानी की कोई कमी नहीं आएगी। राजस्थान आने वाला हर तीसरा व्यक्ति उदयपुर आता है। प्रधानमंत्री भी चाहते हैं कि भारत दुनिया वेडिंग डेस्टिनेशन बने और उदयपुर वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। महाराणा प्रताप को नमन करते हुए सीएम ने कहा कि महाराणा प्रताप के सभी स्थानों को सर्किट के तहत पर्यटन स्थल बनाने का काम हमारी सरकार करेगी।
हमने तबादले किए तो एतराज कर रहे, कांग्रेस के राज में तो खर्ची से तबादले होते थे
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अभी हमारी सरकार ने तबादले किए तो उन्हें (कांग्रेस नेता ) एतराज हो रहा है। उनके समय खर्ची से तबादले होते थे और तबादलों में उद्योग चलता था। सीएम ने कहा कि हमने कम समय में काफी काम कर दिखाए है, पिछली सरकार में केवल वादे हुए।

परियोजना के नाम पर किसी को नुकसान नहीं होने देंगे
मुख्यमंत्री ने देवास थर्ड-फोर्थ परियोजना के डूब क्षेत्र में आ रही जमीन के काश्तकारों से कहा कि जिन लोगों की जमीन इस परियोजना के डूब क्षेत्र में आएगी, हम उन किसानों को नुकसान नहीं होने देंगे। उनको पूरा हक हम देंगे। सीएम ने कहा कि बांसवाड़ा जिले में स्थित माहीबांध में आईलैंड्स हैं, उसे भी पर्यटकों के लिए विकसित करेंगे।
मेवाड़ के लिए बड़ी अहम है देवास परियोजना
असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने उदयपुर की झीलों के लिए देवास परियोजना का महत्व बताते हुए कहा कि इस परियोजना से उदयपुर की झीलें ही लबालब नहीं होगी, बल्कि उदयपुर जिले के कई जलाशयों को हम हमेशा भरा रख सकेंगे और लोगों को पीने का भरपूर पानी भी मिल सकेगा। पूर्व मुख्यमंत्री मोहनलाल सुखाड़िया ने उस जमाने में इस अहम योजना की कल्पना कर ली थी और अब देवास परियोजना आगे बढ़ रही है।
आईटीआई कॉलेज का लोकार्पण भी हुआ
सीएम ने गोगुंदा में आईटीआई कॉलेज का लोकार्पण भी किया। समारोह में जल संसाधन विभाग के मंत्री सुरेश सिंह रावत, जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, क्षेत्रीय विधायक प्रताप भील, चित्तौड़ सांसद सीपी जोशी ,जलसंसाधन विभाग के एसीएस अभय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद थे। इस समारोह के बाद सीएम राजकीय महाविद्यालय मावली के नए भवन को लोकार्पण करने मावली पहुंचे।
यह भी पढ़ें : देवास परियोजना के तीसरे और चौथे चरण में क्या-क्या होगा
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


