पेपर लीक से जुड़ा मामला बताया जा रहा है
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह उदयपुर शहर विधानसभा सीट के दावेदार दिनेश खोडनिया सहित कांग्रेस नेताओं के करीबी अशोक जैन के यहां छापा मारा है। ईडी की टीम पेपर लीक के मुख्य आरोपी सुरेश ढाका की महिला मित्र स्पर्धा चौधरी के घर भी तलाशी कर रही है। यह पूरी कार्यवाही पेपर लीक मामले से जुड़ी बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बीत दिनों पेपरलीक में शामिल आरपीएससी सदस्य रहे बाबूलाल कटारा और मास्टरमाइंड भूपेंद्र सारण को ईडी ने रिमांड पर लिया था। इनसे पूछताछ में ईडी को अहम तथ्य मिले हैं, जिसके आधार पर ईडी ने जांच शुरू की और दिनेश खोडनिया, अशोक जैन और स्पर्धा चौधरी के बारे में पड़ताल की। इसके बाद आज सुबह ईडी की टीमों ने बड़े ही गोपनीय तरीके से दिनेश खोडनिया, अशोक जैन और स्पर्धा चौधरी के जयपुर, जोधपुर और डूंगरपुर स्थित घर, कार्यालय सहित करीब 9 ठिकानों पर छापेमारी की है। ईडी को संदेह है कि पेपर लीक मामले में बाबूलाल कटारा और भूपेन्द्र सारण के पीछे और बड़े नाम भी हो सकते हैं।
दिनेश खोडनिया का उदयपुर शहर सीट के प्रत्याशी का सपना हो सकता है चकनाचूर
ईडी की इस कार्यवाही से दिनेश खोडनिया का उदयपुर शहर सीट से प्रत्याशी बनने का सपना चकनाचूर हो सकता है। राजस्थान विधानसभा चुनाव में डूंगरपुर निवासी दिनेश खोडनिया को उदयपुर शहर सीट से मजबूत दावेदार माना जा रहा था। लेकिन दिनेश खोडनिया का नाम पेपर लीक मामले से जुड़ता है, या सर्च ऑपरेशन के बाद ईडी पूछताछ के लिए खोडनिया को नोटिस जारी करती है तो कांग्रेस आलाकमान की ओर से दिनेश खोडनिया की टिकट पक्की होना मुश्किल है।
सांसद किरोड़ीलाल ने गणपति प्लाजा पर बुलाई प्रेसकॉन्फ्रेंस
इधर जयपुर में भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ किरोड़ीलाल मीणा ने गणपति प्लाजा टावर में दिनेश खोड़निया के करोड़ों का काला धान छिपे होने का दावा किया है। मीणा ने सुबह करीब 11 बजे प्लाज के बाहर प्रेस कांफ्रेंस की और इसके बाद मीडिया के साथ प्लाज के बेसमेंट में पहुंचे। यहां मौजूद प्राइवेट लॉकर्स को लेकर सांसद ने कहा कि इनमें काला धन मौजूद है।


