ओरियंटल पैलेस परिसर में रोड सीमा में आ रहे पक्के निर्माण हटाए
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। आयड़ पुलिया स्थित लेकसिटी मॉल के पास से होकर सुभाष नगर तक प्रस्तावित 60 फीट चौड़ी रोड का काम बुधवार को शुरू हो गया। रोड नेटवर्क से जुड़ा यह प्रोजेक्ट वर्षां से लंबित था। मास्टर प्लान में शामिल यह रोड आयड़ नदी के सहारे सहारे बनेगी। रोड की लंबाई 750 मीटर है।
रोड सीमा में आ रही जमीन के खातेदार जमीन देने तैयार नहीं थे, इस कारण काम अटका हुआ था। कलेक्टर अरविंद पोसवाल ने उदयपुर में पद भार संभालने के बाद सिटी राउंड के दौरान मौका मुआयना किया। खातेदारों से वार्ता कर जमीन देने तैयार किया गया। इसके बाद खातेदारों में शामिल गट्टानी रिसोर्ट प्रा. लि.(ओरियंटल पैलेस सुभाष नगर) की प्रतिनिधि श्रद्धा गट्टानी को बुधवार को यूआईटी ने मुआवजा राशि का ड्राफ्ट सौंपा।

हाथों हाथ रोड के लिए काम शुरू
गट्टानी को मुआवजा राशि का ड्राफ्ट सौंपने के बाद यूआईटी ने ओरियंटल पैलेस परिसर से रोड सीमा में आ रहे पक्के निर्माण ध्वस्त कर रोड के लिए काम शुरू कर दिया। इस दौरान यूआईटी के ओएसडी एवं कार्यवाहक सचिव सावन कुमार चायल,अतिरिक्त मुख्य अभियंता संजीव शर्मा, अधीक्षण अभियंता अनित माथुर, तकनीकी सलाहकार बीएल कोठारी, एक्सईएन हितेश सुखवाल, एईएन प्रभुलाल सुथार भी मौजूद थे।

दिसंबर तक पैवर का लक्ष्य
यूआईटी ने रोड का काम शुरू करने के साथ ही इसी साल दिसंबर तक इस रोड पर पैवर का काम भी पूरा करने का लक्ष्य भी तय कर दिया है। ऐसे में नए साल की शुरूआत में ही शहर को इस महत्वपूर्ण रोड पर आवाजाही की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
यातायात दबाव होगा कम
इस रोड के बनने से ठोकर चौराहा, कुम्हारों का भट्टा एवं दुर्गा नर्सरी सड़क पर यातायात का दबाव काफी कम हो सकेगा। साथ ही सुभाष नगर, पाठो की मगरी में स्थित वाटिकाओं में मांगलिक कार्यक्रमों के दौरान आए दिन लगने वाले जाम की समस्या का भी स्थायी समाधान होगा। सेवाश्रम से कुम्हारों का भट्टा होते हुए दुर्गा नर्सरी तिराहे तक आने जाने में करीब 1.50 किमी की दूरी कम हो जाएगी।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


