प्रदेश में सर्वाधिक रजिस्ट्रेशन उदयपुर जिले में
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक खेलों (Rajiv Gandhi Olympics start in rajasthan) का शनिवार को शुभारंभ हुआ। जयपुर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सवाई मानसिंह स्टेडियम में उद्घाटन किया। अध्यक्षता खेल राज्य मंत्री अशोक चांदना ने की। उदयपुर शहर में गांधी ग्राउंड में जिला स्तरीय शुभारंभ में खिलाड़ियों का जोश नजर आया। उदयपुर जिले में ग्रामीण क्षेत्र में 32072 तथा शहरी क्षेत्रों में 6743 टीमें बनी हैं।
उदयपुर में गांधी ग्राउण्ड सहित शहर के 12 खेल मैदानों तथा जिले भर में कलस्टर एवं पंचायतवार ओलम्पिक खेलों का शुभारंभ हुआ। संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट ने टीम भावना और अनुशासन से खेलने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में श्रम सलाहकार बोर्ड के उपाध्यक्ष जगदीशराज श्रीमाली, नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष, नोडल अधिकारी शकील हुसैन, मुख्य जिला शिक्षाधिकारी आशा माण्डावत व जिला खेल अधिकारी सुनीता भण्डारी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

उदयपुर जिले में सर्वाधिक रजिस्ट्रेशन: कलेक्टर ने दी बधाई
कलेक्टर अरविंद पोसवाल ने उदयपुर जिले में प्रदेश में सर्वाधिक रजिस्ट्रेशन पर बधाई देते हुए टीम भावना और अनुशासन की मिसाल प्रस्तुत करने का आह्वान किया। जिले में कुल 3 लाख 86 हजार 932 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इसमें ग्रामीण में 3 लाख 24 हजार 113 तथा शहरी में 62 हजार 819 खिलाड़ी शामिल हैं।
ग्रामीण में कबड्डी में सर्वाधिक 10031, रस्साकशी 7834, वॉलीबॉल 4340, खो-खो 3999, टेनिस बॉल क्रिकेट 3625,फुटबॉल 1208 तथा शुटिंग वॉलीबाल में 961 टीमें बनाई गई हैं। शहरी ओलम्पिक के लिए गठित कुल 6743 टीमों में से 5182 टीमें अकेले उदयपुर शहर की हैं।
बड़गांव में महिलाओं ने भी दिखाया उत्साह
शहर से सटे बड़गांव में राजीव गांधी ओलम्पिक में महिलाओं ने भी काफी उत्साह दिखाया। महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल मैदान पर सरपंच संजय शर्मा ने खिलाड़ियों को खेल भावना खेलने की शपथ दिलाई। श्रम सलाहकार बोर्ड राजस्थान के उपाध्यक्ष जगदीशराज श्रीमालीए पंचायत समिति सदस्य भुवनेश व्यास, पूर्व सरपंच जमनालाल शर्मा, एसडीओ बड़गांव रमेश चंद्र बहेड़िया, वार्ड पंच गोपाल बम्ब, रितु वैष्णव, निशा शर्मा, सीबीईओ आशा मोगिया, प्रधानाचार्य वंदना गिलुंडिया व बिना नाहर सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
1041 खिलाड़ियों ने करवाया रजिस्ट्रेशन
बड़गांव में राजीव गांधी ओलम्पिक में भाग लेने कुल 1041 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। कार्यक्रम प्रभारी कोमल गुप्ता और दुर्गेश गुर्जर की देखरेख में महिला रस्साकशी का रोमांचक मैच देखने को मिला। शारीरिक शिक्षक स्नेहलता गहलोत और लता गहलोत ने भी महिला खिलाड़ियों ने उत्साह की सराहना की।

राजस्थान में कुल 58.51 लाख खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन
राजस्थान में इन खेलो में कुल 58.51 लाख खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। जिसमे ग्रामीण खेलो में 46 लाख 12 हज़ार 365 एवं शहरी खेलो में 12 लाख 38 हज़ार 267 रजिस्ट्रेशन हुए हैं। इस आयोजन में 11 हजार 252 पंचायतों एवं 535 नगर निकायों में एक साथ यह खेल आरंभ होंगे।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


