भरतपुर (एआर लाइव न्यूज)। जिले में बुधवार दोपहर करीब बदमाशों ने हत्या के दो आरोपियों पर अंधाधुंध गोलीबारी (Firing on two murder accused) कर एक आरोपी की हत्या कर दी, जबकि दूसरा आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी बीजेपी नेता कृपाल जघीना हत्याकांड के दोषी थे।
पुलिस ने बताया कि चालानी गार्ड सेंट्रल जेल में बंद आरोपी कुलदीप जघीना और विजयपाल को जयपुर से रोडवेज बस द्वारा पेशी के लिए भरतपुर कोर्ट ले जा रहे थे। इसी दौरान जब बस दोपहर करीब 12 बजे अमोली टोल प्लाजा पर रुकी तो वहां मौजूद दो बदमाश बस में चढ़ गए। जिसके बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च डाल दी और करीब 15 राउंड फायर कर कुलदीप की हत्या कर दी। हमले में आरोपी विजयपाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस में मौजूद 2 यात्री भी गोली लगने से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि विजयपाल की हालत नाजुक है।
हत्याकांड के 4 आरोपी हिरासत में
एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि टोल प्लाजा पर मौजूद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर 4 बदमाश विष्णु, सौरभ, धर्मराज और बबलू को हिरासत में लिया। साथ ही बदमाशों की गाड़ी बरामद भी कर ली है।


