10 सदस्यीय टीम मंगलवार को दुर्घटना स्थल पर पहुंची
बालासोर, (एआर लाइव न्यूज)। ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने जांच शुरू कर दी है। गत दो जून को दो ट्रेनों और एक मालगाड़ी की टक्कर से हुए हादसे में 275 यात्रियों की मौत हो गई और 1100 से अधिक यात्री घायल हुए थे।
सीबीआई की 10 सदस्यीय टीम मंगलवार को दुर्घटना स्थल पर पहुंची। घटनास्थल का दौरा करने के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस रेल हादसे की सीबीआई जांच कराने का एलान किया था। इसके बाद सीबीआई ने यह मामला अपने हाथ में लिया और जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को सीबीआई की टीम ने मौका मुआयना कर घटना स्थल का बारिकी से जायजा लिया। सीबीआई की टीम इस बात का पता लगाएगी कि यह हादसा किसी साजिश के कारण हुआ था या फिर महज एक हादसा था।

101 शवों की पहचान की जानी बाकी है
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस हादसे में घायल यात्रियों में से करीब 200 यात्रियों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद 275 शवों में से 101 की पहचान की जानी अभी बाकी है। इसके लिए रेलवे पूरे प्रयास कर रहा है। यह भीषण रेल हादसा कोलकाता से करीब 250 किलोमीटर दक्षिण में बालासोर जिले के बाहानगा बाजार स्टेशन के पास शुक्रवार शाम करीब सात बजे हुआ था। हादसे के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मौके पर पहुंचे थे और बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुर्घटना स्थल का जायजा लिया था।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


