मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान एक बार फिर सटीक निकला
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। बारिश को लेकर मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान एक बार फिर सटीक निकला। बुधवार दोपहर बाद उदयपुर सहित कई जगह हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में कई स्थानों पर अगले दो दिन भी मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।
नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शहर में बुधवार सुबह से ही बादलों की मौजूदगी बनी रही। दोपहर होते होते हुए बादलों की सक्रियता बढ़ी और 3 बजकर 10 मिनट पर बादलों की गर्जना शुरू हुई। उसके बाद 3 बजकर 20 मिनट पर शहर के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ। हालांकि कुछ देर की बारिश के बाद शहर में धूप भी निकल आयी। मौसम विभाग ने 26 अप्रैल को राज्य के दक्षिणी भागों (कोटा, उदयपुर व आसपास के जोधपुर संभाग) में दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्के दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई थी।

गुरूवार से आंधी-बारिश की गतिविधियां और बढ़ेगी
मौसम विभाग के अनुसार 27 अप्रैल से आंधी बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होगी तथा जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, उदयपुर, कोटा, भरतपुर सम्भाग के कुछ भागों में मेघगर्जनए तेज हवाएं (आंधी) व हल्की बारिश होने की संभावना है। 28 से 30 अप्रैल के दौरान इस मौसम तंत्र का सर्वाधिक असर राज्य के अधिकांश भागों में रहने की प्रबल संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर मध्यम से तीव्र थंडरस्टॉर्म, आंधी (40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा) चल सकती, हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है।

किसानों की चिंता फिर बढ़ी
अभी भी कई किसानों के गेहूं की फसल खेतों में कटी पड़ी है। वर्तमान में गेहूं निकालने का समय चल रहा है और आए दिन बारिश का दौर बना हुआ है। इस कारण गेहूं की फसल को नुकसान होने की चिंता ने किसानोें की परेशानी बढ़ा रखी है। मौसम विभाग के अनुसार आंधी बारिश के असर से 28 अप्रैल से तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से गर्मी से राहत मिलेगी।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


