वसुंधरा सरकार के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार के विरुद्ध सचिन पायलट बैठे है अनशन पर
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच चल रही मन मुटाव की लड़ाई एक बार फिर खुलकर सड़कों पर आ गई है। वसुंधरा सरकार के समय हुए भ्रष्टाचार के विरुद्ध अब तक गहलोत सरकार द्वारा कार्रवाई नहीं करने से खफा पायलट मंगलवार को जयपुर में एक दिवसीय अनशन पर बैठ गए है। प्रदेश की राजनीति में यह हालात तब नजर आ रहे है जब राजस्थान में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में ज्यादा समय नहीं बचा है।
सचिन पायलट ने मंगलवार सुबह जयपुर में ज्योतिबा फुले को श्रद्धांजलि देने के बाद शहीद स्मारक पर अनशन शुरू कर दिया। अनशन स्थल पर लगे फ्लैक्स पर महात्मा गांधी के फोटो को ही जगह दी गई है। पायलट के इस प्रदर्शन को लेकर मंच पर लगे फ्लैक्स पर न तो राहुल गांधी के फोटो को तव्वजों मिली है न सोनिया गांधी के फोटो को। इसको लेकर भी राजनीति हलके में अलग अलग अटकले लगाई जा रही है। मंच पर पायलट अकेले ही अनशन पर बैठे हैं।

प्रेस कांफ्रेंस कर 11 अप्रैल को अनशन पर बैठने का किया था एलान
सचिन पायलट ने पिछले रविवार को ही जयपुर में प्रेस कांफ्रेंस कर 11 अप्रैल को अनशन पर बैठने का एलान किया था। पायलट का कहना था कि वसुंधरा सरकार के समय हुए भ्रष्टाचार की कांग्रेस सरकार बनने पर जांच का लोगों को भरोसा दिलाया गया था। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने चार साल से ज्यादा का वक्त बीत चुका है, इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रेस कांफ्रेंस में पायलट ने यह तर्क दिया कि उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को चिट्ठी भी लिखी थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। ऐसे में उन्होंने अनशन पर बैठने का तय किया है। कांग्रेस पार्टी ने सचिन पायलट को प्रदर्शन करने के बजाय अपनी बात पार्टी फोरम पर रखने की नसीहत भी दी, लेकिन उसका उन पर असर नजर नहीं आया।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


