नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। चुनाव आयोग ने बुधवार को कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित कर दी। राज्य में 10 मई को वोटिंग होगी और 13 मई को चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल आगामी 24 मई को ख़त्म हो रहा है।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव की तारीख घोषित करते हुए बताया कि 13 अप्रैल को नॉटिफिकेशन जारी होंगे और 20 अप्रैल तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 24 अप्रैल को नामांकन वापस लेने का अंतिम दिन होगा। चुनाव के लिए कर्नाटक में कुल 224 विधानसभा सीटों पर 58282 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। हर पोलिंग स्टेशन पर लगभग 883 मतदाता मतदान कर सकेंगे।

52173579 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर करेंगे
1320 मतदान केंद्रों का चुनाव प्रबंधन महिला अधिकारियों के पास होगा। कर्नाटक में 240 मॉडल मतदान केंद्र बनेंगे। 80 साल से ज्यादा उम्र के मतदाता घर से ही वोट कर सकेंगे। कर्नाटक में कुल 224 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव में कुल 52173579 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर करेंगे।


