टनकपुर (उत्तराखंड) (एआर लाइव न्यूज)। उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि के मेले में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया (accident in Maa Purnagiri fair)। चंपावत में ठूलीगाड़ पार्किंग में एक बस श्रद्धालुओं के उपर चढ़ गई। हादसे में 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। जबकि 8 घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार चंपावत में ठूलीगाड़ में गुरुवार सुबह कुछ श्रद्धालू यात्री पार्किंग में खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक बस का चालक गाड़ी को बैक कर रहा था। तभी बस वहां खड़े यात्रियों पर चढ़ गई। जिससे वहां चीख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे में घायल हुए सभी यात्रियों को टनकपुर अस्पताल पहुंचाया।
5 लोगों ने इलाज से पहले ही दम तोड़ दिया। जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि हादसे में मरने वाले यात्री यूपी के बहराइच व बदायूं जिले के रहने वाले थे। फ़िलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

