एआर लाइव न्यूज ने बतायी थी आमजन की परेशानी
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। बेतुके और मनमाने निर्णय से सैकड़ों लोगों को परेशानी में डालने और रोडवेज को प्रतिदिन 5 लाख का राजस्व नुकसान पहुंचाने में तुली उदयपुर पुलिस को आखिरकार गुरूवार को बैकफुट पर आना पड़ा। आमजन और सरकारी तंत्र में किरकिरी होने के बाद उदयपुर पुलिस (Udaipur police) ने गुरूवार को फिर से चेतक पहाड़ी बस स्टैंड होते हुए रोडवेज बसों को संचालन करने की अनुमति दे दी।
इससे उदयपुर शहर से गोगुंदा, झाड़ोल, सायरा, कोटड़ा, नाथद्वारा, कांकारोली सहित पहाड़ी बस स्टैंड से जुड़े रूटों पर इस बस स्टैंड से लोगों को फिर से रोडवेज की सुविधा मिलना शुरू हो गई है। वर्षाें से चली आ रही सुविधा फिर से बहाल होने से इस रूट से यात्रा करने वाले आमजन में खुशी नजर आयी। इसके अलावा रोडवेज को प्रतिदिन 5 लाख की राजस्व हानी हो रही थी वह नुकसान भी नहीं होगा।

एआर लाइव न्यूज ने बतायी थी आमजन की परेशानी
पिछले दिनों कोर्ट चौराहा पर रोडवेज की एक बस की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद उदयपुर पुलिस ने उदियापोल बस स्टैंड से रवाना होकर चेतक स्थित पहाड़ी बस स्टैंड पर आने वाली रोडवेज बसों का संचालन बंद करवा दिया था। इससे आमजन को काफी परेशानी हो रही थी और सरकार को भी राजस्व हानी हो रही थी। एआर लाइव न्यूज ने उदयपुर पुलिस के इस निर्णय से जनता को हो रही परेशानी पर बुधवार को ही सवाल उठाया था। उसके बाद उदयपुर पुलिस बैकफुट पर आयी और गुरूवार से फिर से पुरानी व्यवस्था को बहाल कर दिया गया। इस मामले में रोडवेज के उदयपुर के मुख्य प्रबंधक महेश उपाध्याय दो बार उदयपुर एसपी विकास शर्मा को पत्र लिख भी चुके थे।

पुलिस भी निभाए अपनी जिम्मेदारी
कोर्ट चौराहा पर जिस मोड़ पर पिछले दिनों हादसा हुआ, वहां अभी भी सड़क पर अवैध पार्किंग हो रही हैं। ऐसे में उदयपुर पुलिस की सबसे पहली जिम्मेदारी यह बनती है कि यहां सड़क पर हो रही अवैध पार्किंग को सख्ती से रोके। यहां हो रही अवैध पार्किंग से बसों या दूसरे वाहनों को कोर्ट चौराहा से शास्त्री सर्कल की तरफ मुड़ने में अभी भी परेशानी हो रही है।
यह भी पढ़े : पुलिस के मनमाने निर्णय से सरकार को राजस्व नुकसान, जनता को हो रही परेशानी
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


