लकी जैन/उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर से बड़ी सादड़ी के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेन चलाई जाएगी। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने गाड़ी संख्या 09613/09614 उदयपुर-बड़ी सादड़ी-उदयपुर को इलेक्ट्रिक इंजन के माध्यम से संचालित करने का निर्णय लिया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे जन संपर्क निरीक्षक अशोक चौहान ने बताया कि 26 जनवरी से प्रतिदिन उदयपुर-बड़ी सादड़ी-उदयपुर ट्रेन (09613/09614) को इलेक्ट्रिक ट्रेन के रूप में संचालित की जाएगी । विद्युतीकृत संचालन से ट्रेन में डीजल इंजन नहीं होगा, इससे वायु प्रदूषण में कमी आएगी और ऊर्जा संरक्षण में भी मदद मिलती है। यात्री और मालपरिवहन तीव्र गति से होता है, जिससे गाडियों की संख्या में बढोतरी संभव होती है।

नाथद्वारा से देवगढ़ तक के लिए 968.92 करोड़ रुपए स्वीकृत
रेलवे ने मावली मारवाड़ आमान परिवर्तन के प्रथम फेज में नाथद्वारा से देवगढ़ तक के लिए 968.92 करोड़ रुपए स्वीकृत किये है। सांसद दीया कुमारी ने बताया कि केंद्र सरकार ने राजसमंद संसदीय क्षेत्र के नाथद्वारा से देवगढ़ मदारिया तक 82.52 किमी रेलवे लाइन के गेज रूपांतरण हेतु 968.92 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत करके राजसमंद की जनता को नव वर्ष का सबसे बड़ा उपहार दिया है।



