उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। सर्द मौसम में मंगलवार सुबह घने कोहरे के चलते लेकसिटी की फिजा बदली बदली नजर आयी। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई जगह कोहरा ही कोहरा नजर आया। इस कारण विजिबिलिटी कम होने के साथ ही सुबह के समय सड़कों पर वाहनों की गति भी धीमी होकर रह गई।
लेकसिटी में लोग मंगलवार सुबह नींद से उठे तो घर के बाहर तस्वीर कुछ अलग ही नजर आयी। घना कोहरा होने से स्थिति यह थी कि घर की छत से आसपास के घर भी मुश्किल से नजर आ रहे थे। इस सीजन में इतना कोहरा पहली बार छाया और इससे लेकसिटी की तस्वीर ही बदली बदली नजर आयी। फतहसागर किनारे माॅर्निंग वाॅक पर आए लोगों के लिए भी मंगलवार सुबह का नजारा कुछ खास बना। हालांकि यहां भी कोहरा ज्यादा होने से कुछ ही दूरी पर सामने से आ रहे व्यक्ति को देखना मुश्किल हो रहा था। सुबह के समय ठिठुरन बढ़ गई है और रात के तापमान में मामूली कमी भी आयी हैं।

वाहनों की गति पर भी असर
कोहरे के कारण सुबह उदयपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों के साथ ही हाईवे पर वाहनों की गति काफी धीमी होकर रह गई। वाहन चालक चाहते हुए भी वाहन की गति सामान्य भी नहीं रख पाए। वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हुई जहां सिंगल रोड होने से कोहरे के कारण सामने से आ रहे वाहन मुश्किल से नजर आ रहे थे। मंगलवार को उदयपुर में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि सोमवार को न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री था। कोहरे के कारण हवाई सेवा पर भी दो दिन से असर नजर आ रहा हैं।




