- शादी समारोह से लौट रही थीं विधायक प्रीति शक्तावत
- विधायक की मां भगवती झाला भी घायल
- दो कार की आमने-सामने हुई टक्कर
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर जिले की वल्लभनगर विधायक प्रीति शक्तावत का गुरूवार शाम को रणकपुर घाटे में एक्सीडेंट हो गया। रणकपुर से उदयपुर आते समय उनकी कार की सामने से आ रही एक अन्य कार से भीड़ंत हो गयी।
हादसे में प्रीति शक्तावत, उनकी मां भगवती झाला, गनमैन और कार चालक सहित सामने वाली कार में बैठे लोगों के भी चोटें आयी हैं। हादसे के बाद प्रीति शक्तावत परिजनों के साथ उपचार के लिए उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल पहुंची हैं। हादसे की सूचना पर कलेक्टर ताराचंद मीणा सहित अन्य अधिकारी और कांग्रेस पदाधिकारी हॉस्पिटल पहुंचे और कुशलक्षेम पूछी।

जानकारी के अनुसार विधायक प्रीति शक्तावत, उनकी मां भगवती झाला के साथ रणकपुर शादी समारोह में गयी थी। वे शादी समारोह से ही उदयपुर वापस लौट रही थीं। इनकी कार रणकपुर घाटे की चढ़ाई पर जा रही थी, तभी सामने से ढलान में आ रही दूसरी कार विधायक की कार से भिड़ गयी। हादसे में विधायक प्रीति शक्तावत, उनकी मां भगवती झाला सहित साथ में मौजूद गनमैन और चालक के चोटें आयी हैं, वहीं दूसरी कार में बैठे लोगों के भी हल्की चोटें आयी हैं।




