भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जन आक्रोश यात्रा का किया शुभारंभ
जयपुर(एआर लाइव न्यूज)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को जयपुर में 51 रथों को रवाना कर भाजपा की जन आक्रोश यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए राजस्थान की गहलोत सरकार पर कई सवाल उठाए। नड्डा ने कहा कि गहलोत सरकार ने भाजपा सरकार की योजनाओं के नाम बदलने का काम किया है।
नड्डा ने कहा कि अन्नपूर्णा रसोई हमारी संस्कृति से जुड़ा नाम था कांग्रेस ने इस योजना का भी नाम बदल कर इंदिरा रसोई कर दिया। नड्डा ने कुछ अन्य योजनाओं के भी नाम गिनाए और कहा कि कांग्रेस को सिर्फ और सिर्फ योजनाओं का नाम बदलना आता है। नड्डा ने कहा कि हम हर जगह डबल इंजन की बात करते है,क्योंकि डबल इंजन से विकास को गति दी जा सके। राजस्थान से दिल्ली का इंजन हटते ही यहां विकास रूक गया।

राजस्थान की सभी 200 विधानसभा सीटों में निकलेगी जन आक्रोश यात्रा
नड्डा ने राजस्थान की भूमि को वीर भूमि बताते हुए कहा कि मैं आशा करता हूं कि जन आक्रोश यात्रा को राजस्थान की जनता का पूरा समर्थन मिलेगा। प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ सभी 200 विधानसभा सीटों में जन आक्रोश यात्रा निकालेंगे। सभा को प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनीयां, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने भी संबोधित किया।


