उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। अंबामाता थाना क्षेत्र के हरिदास जी की मगरी में होटल व्यवसायी के बेटे दीपेश सोनी पर शुक्रवार रात दो बदमाशों से फायरिंग की। हमले में दीपेश बाल-बाल बच गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मौके से कारतूस का खाली कार्टेज बरामद किया है और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों की तलाश में जुट गयी है। पुलिस इसे आपसी विवाद के चलते हुई फायरिंग मान रही है और तफ्तीश में जुटी है, हालां कि फायरिंग के कारणों का स्पष्ट खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने बताया कि हरिदास जी की मगरी में आगरिया हवेली होटल है, इसके मालिक ख्यालीलाल सोनी है। ग्राउंड फ्लोर पर तो व्यवसायी परिवार के साथ रहते हैं, वहीं उपर बनी तीन मंजिलों पर होटल आगरिया हवेली संचालित होता है।
रात करीब साढ़े 10 बजे ख्यालीलाल का बेटा दीपेश सोनी घर के बाहर खड़े होकर किसी से मोबाइल पर बात कर रहे थे। तभी स्कूटी पर दो युवक आए और एक युवक ने पिस्टल से दीपेश पर लगातार दो फायर किए। दीपेश बचने के लिए भागकर घर के अंदर चला गया। इसके बाद बदमाश भी मौके से फरार हो गए।




