पुलिस ने दिल्ली में महरौली के वनक्षेत्र से बरामद किए शव
अलवर,(एआर लाइव न्यूज)। अलवर के भिवाड़ी में तीन दिन से लापता तीन सगे भाइयों में दो की हत्या कर दी गयी है। अलवर पुलिस ने दो बच्चों अमन(उम्र 13 वर्ष), विपिन(8 वर्ष) के शव दिल्ली में आरोपियों की निशानदेही पर महरौली के वनक्षेत्र से बरामद कर लिए हैं, वहीं तीसरे भाई शिवा(6) को पुलिस ने अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुड़ाकर बचा लिया है। तीनों भाइयों का तीन दिन पहले घर से अपहरण कर लिया गया था।
मूलतः कन्नौज हाल लेबर कॉलोनी सांथलका, भिवाड़ी निवासी ज्ञान सिंह ने थाना फेज तृतीय में 15 अक्टूबर को तीन बेटे अमन(13), विपिन(8) और शिवा(6) की गुमशुदगी दर्ज करवाई थी।
ज्ञान सिंह ने पुलिस को बताया था कि वह सुबह करीब 6 बजे काम से निकल गया था, पत्नी भी रेहड़ी पर श्रंगार बेचने का काम करती है, तो वह भी घर पर नहीं थी। ज्ञान सिंह सुबह घर से निकलते समय बड़े बेटे अमन को 100 रूपए देकर पॉलिथीन लेकर आने की कह गए थे।

परिवादी ने बताया कि वे निकले, तब तीनों बच्चे घर थे। लेकिन जब वह पॉलीथिन लेने के लिए वापस सुबह करीब 11 बजे लौटे तो तीनों बच्चे घर पर नहीं थे। आस-पास काफी तलाश की, जब बच्चे नहीं मिले तो थाने में सूचना दी थी।
संदिग्धों से पूछताछ में पता चला हत्या हो गयी
बच्चों के माता-पिता ने कॉलोनी के ही एक युवक पर संदेह जाहिर कर मकान मालिक से घर खाली करने को लेकर हुई कहासुनी की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने क्षेत्र से कुछ संदिग्धों को पकड़ा और पूछताछ की, तो तीनों बच्चों को अपहरण कर दिल्ली ले जाने और वहां हत्या किए जाने की बात सामने आई।

संदिग्धों की निशानदेही पर अलवर पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची। दिल्ली पुलिस के सहयोग से अलवर पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो बच्चों के शव बरामद किए।


