तीन-चार दिन ऐसा ही रह सकता मौमस, भारी बारिश के भी आसार
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। मौसम विभाग का अनुमान एक बार सटीक निकला। मानसून विदा होने के चौथे दिन शुक्रवार को एक बार फिर उदयपुर सहित मेवाड़ में मौसम ने पलटा खाया और कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई।
शहर में सुबह से तेज गर्मी का असर बना रहा। इसी बीच शाम होते होते हुए बादलों की सक्रियता बढ़ी और साढ़े पांच बजे बूंदाबांदी और उसके बाद हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ। मौसम विभाग ने 3 अक्टूबर को ही पूर्वानुमान जता दिया था कि मानसून विदा होने के बावजूद उदयपुर संभाग सहित पूर्वी राजस्थान में सितंबर के पहले सप्ताह में बारिश हो सकती हैं। इस साल 1 जुलाई को मानसून ने मेवाड़ में दस्तक दी थी और 3 अक्टूबर को मानसून मेवाड़ सहित पूरे राजस्थान से मानसून विदा हुआ था।

मानसून विदा होने के बावजूद इसलिए हो रही बारिश
मौसम विभाग के अनुसार वायुमंडल के निचले स्तरों में पूर्वी हवाओंं में एक ट्रफ बना हुआ हैं तथा ऊपरी स्तरों में पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ मौजूद है। इस दोनों तंत्रों के प्रभाव से मौसम में बदलाव आया हैं और बारिश शुरू हुई हैं। इसके असर से पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, कोटा, भरतपुर, जयपुर व अजमेर संभाग के जिलों में आगामी तीन-चार दिनों तक मेघगर्जन व आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश होने की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर व बीकानेर संभाग के केवल पूर्वी भागों में ही आगामी दो-तीन दिन छुटपुट स्थानों पर हल्के दर्जे की बारिश संभव है। पश्चिमी भागों में ज्यादातर स्थानों पर बारिश की संभावना नहीं है।



