महिलाओं से शादी के कुछ दिनों बाद ही उनके सोने के गहने लेकर हो जाता था फरार
पश्चिम बंगाल,(एआर लाइव न्यूज)। देश के विभिन्न हिस्सों में अब तक लुटेरी दुल्हनों के किस्से आए दिन पढ़े-सुने जाते रहे हैं, लेकिन देश में एक लुटेरा दूल्हा भी पकड़ा गया है। इसने तो सभी के रिकॉर्ड तोड़ दिए, 28 साल के बंगाली लड़के ने अलग-अलग क्षेत्रों की 24 महिलाओं से शादी की और शादी के कुछ दिनों में ही महिलाओं के सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गया।
पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद के सागरदीघी पुलिस ने उत्तर 24 परगना के दत्तापुकुर से 28 वर्षीय आशाबुल मोल्ला नामक युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अब तक 24 महिलाओं के साथ शादी कर और उनके सोने-चांदी के जेवर चुराकर ठगी कर चुका है। ज्यादातर महिलाएं ठगी का शिकार होने के बाद पुलिस तक नहीं पहुंचती थी, तो इससे इसके हौंसले बुलंद होते गए।
आरोपी ने सागरदिघी में भी एक महिला को प्रेमजाल में फंसाकर उससे शादी की थी और कुछ दिनों बाद उसके जेवर लेकर फरार हा गया था। बीते दिनों महिला ने आरोपी युवक के खिलाफ सागरदीघी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया था। जिसपर पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे पकड़ा तो वह भी चौंक गयी।

पहचान बदलकर अलग-अलग क्षेत्रों में रहता था आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग पहचान पत्र बनाकर छोटे-मोटे काम की तलाश में जाता था और वहीं रहने लगता था। सोशल मीडिया, पत्रिकाएं सहित अन्य शादी के वेबसाइट के जरिए वह अकेली महिलाओं की तलाश करता था। खुद को अनाथ बताता था, ताकि कोई उसका पिछला रिकॉर्ड नहीं खंगाले। इसके बाद महिलाओं का भरोसा जीत कर उनसे शादी कर लेता था और कुछ ही दिनों में महिला के सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो जाता था। आरोपी ने पूछताछ में कबूला है कि उसने पश्चिम बंगाल सहित बिहार में भी इसी प्रकार एक महिला से ठगी की थी।
पुलिस अब उन महिलाओं का पता लगा रही है, जिनसे आशाबुल ने शादी की थी। आशाबुल ने अब तक कितने रुपये व गहने ठगे हैं और उनका क्या किया है, पुलिस पड़ताल कर रही है।



