मुख्यमंत्री ने निम्बाहेड़ा में विकास कार्यों का किया शिलान्यास
चित्तौडग़ढ़(एआर लाइव न्यूज)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि प्रदेश का चौथा बजट कृषि और कृषकों को समर्पित रहा था। अब अगला बजट युवा और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित होगा। इसमें शिक्षा, रोजगार, खेल सहित युवाओं से संबंधित हर क्षेत्र को प्रमुखता से शामिल करेंगे।
गहलोत शुक्रवार को चित्तौडग़ढ़ के निम्बाहेड़ा स्थित महाविद्यालय मैदान में ब्लॉक स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बजट को लेकर युवा वर्ग, आमजन, जनप्रतिनिधि और हर वर्ग अपने सुझाव दे सकते हैं। गहलोत ने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों में सभी जाति, धर्म, सम्प्रदाय और बुजुर्ग से लेकर युवा खिलाडियों को एक साथ बिना किसी भेदभाव के खेलने का मौका मिला।
दीपावली से पहले ठीक होगी क्षतिग्रस्त सडक़ें
क्षतिग्रस्त सडक़ों को लेकर कहा कि दीपावली से पहले सडक़ें दुरूस्त होंगी। सार्वजनिक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए हैं। लम्पी स्किन डिजीज संक्रमण पर नियंत्रण करने के लिये राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। राजस्थान सहित 20 राज्यों में यह संक्रमण फैल चुका है। इसलिए कोरोना की तरह केन्द्र सरकार को लम्पी डिजीज को राष्ट्रीय आपदा घोषित करना चाहिए।

विकास कार्यों का शिलान्यास, नई घोषणाएं भी की
गहलोत ने 150 बेड््स की सुविधा वाले जिला अस्पताल, निम्बाहेड़ा के नए भवन का शिलान्यास किया। डॉ. भीमराव अंबेडकर स्नातकोत्तर महाविद्यालय निम्बाहेड़ा में वाणिज्य स्नातकोत्तर (एम कॉम) खोलने और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) खोलने के लिए घोषणा भी की। सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, जिला प्रभारी मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, खेल मंत्री अशोक चांदना, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, राज्य धरोहरण संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह जाड़ावत, नगर परिषद सभापति संदीप शर्मा, पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी, कलक्टर अरविंद पोसवाल, एसपी राजन दुष्यंत सहित कई गणमान्य नागरिक और अधिकारी मौजूद थे।

खिलाडिय़ों के प्रोत्साहन में लिए है कई अहम फैसले
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खिलाडिय़ों के प्रोत्साहन में कई अहम फैसले लिए है। इनमें ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियाई, राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की गई है। सरकारी नौकरियों में 2 प्रतिशत का आरक्षण का प्रावधान किया गया। 229 को आउट ऑफ टर्न नियुक्तियां दी गई है। पैरा खिलाडिय़ों को भी ओलंपिक पदक विजेताओं की तरह भूमि आवंटित की जा रही है।


