जैसलमेर,(एआर लाइव न्यूज)। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे के दौरान आज शनिवार को जैसलमेर पहुंच गए हैं। उन्होंने जैसलमेर में भारत-पाक सीमा पर स्थित मातेश्वरी तनोट राय माता मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की, साथ ही मंदिर परिसर में स्थित विजय स्तम्भ पर पुष्पचक्र अर्पित कर 1971 के युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह और केंद्रीय राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने तनोट मंदिर परिसर में ही करीब 17 करोड़ 67 लाख की लागत से बनने वाले सीमा पर्यटन विकास केंद्र स्थल का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। हेलीपेड से लेकर कार्यक्रम में बीएसएफ डीजी पंकज कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने केन्द्रीय मंत्री की अगवानी की। कार्यक्रम में बीएसएफ के आला अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

सीमा पर्यटन विकास केंद्र में सैलानी देख सकेंगे बीएसफएफ के शौर्य और पराक्रम की कहानी
मातेश्वरी तनोटराय माता मंदिर परिसर में सीमा पर्यटन विकास केंद्र बनाने के लिए राज्य सरकार के प्रस्ताव पर पर्यटन मंत्रालय ने 17 करोड़ 67 लाख रूपए की मंजूरी दी है। सीमा पर्यटन विकास केन्द्र में सैलानियों को सीमा सुरक्षा बल के बारे में डॉक्यूमेंट्री मूवी, हथियार प्रदर्शनी और फोटो गैलरी दिखाई जाएगी। इससे सैलानी सीमा सुरक्षा बल के शौर्य, पराक्रम और तनोट माता के चमत्कारों को जान सकेंगे।



