बीएड की परीक्षा देने जा रहे थे चारों युवक
धौलपुर,(एआर लाइव न्यूज)। धोलपुर में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर गुरूवार को एक तेज रफ्तार कंटनेर ने बाइक सवार युवकों को कुचल दिया। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गयी, वहीं एक गंभीर घायल है, जिसका हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में भरतपुर निवासी पवन 20 पुत्र रामेश्वर प्रसाद, संदीप 22 पुत्र बदन सिंह और इन्द्रेश कुमार 23 की मौत हुई है, वहीं लखेपुरा निवासी सचिन 20 पुत्र सियाराम गंभीर घायल है। ये चारों युवक बाइक से मनिया में बीएड की परीक्षा देने जा रहे थे। आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर सदर थाना क्रॉसिंग पर मनिया की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर ने इन बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी।
हादसे में पवन और संदीप की मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं इन्द्रेश ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर शवों को मोरचरी रखवाया है और परिजनों को सूचना दी है।




