प्रधान मुख्य वन संरक्षक पांडे की पुस्तक “घर से वन तक” का हुआ विमोचन
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। राज्य के प्रधान मुख्य वन संरक्षक, पर्यावरणविद् व लेखक डॉ. दीप नारायण पांडे की बेस्ट सेलर पुस्तक “घर से वन तक” का विमोचन रविवार को उदयपुर में हुआ। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण पर पांडे ने कहा कि पूरे देश में सबसे कठोर कानून वन भूमि के लिए है ऐसे में इसके प्रभावी क्रियान्वयन की जरूरत है।
शहर के होटल चुंडा पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों, पर्यावरणविदों एवं विशेषज्ञों की उपस्थिति में पांडे के अनुभवों पर आधारित इस पुस्तक का विमोचन हुआ। पांडे ने पुस्तक की विषय वस्तु की जानकारी देते हुए बताया कि वन जगत के अपने अनुभवों को इस पुस्तक में साझा किया।
पांडे ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गये प्रयासों एवं उनके विजन की सराहना भी की और कहा कि लव-कुश वाटिका देश में मिसाल बनेगी। कार्यक्रम में ग्रीन पीपल सोसायटी के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त सीसीएल राहुल भटनागर, पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. सतीश शर्मा, रिटायर्ड सीसीएफ आईपीएस मथारू, एनसी जैन, सीसीएफ आरके खेरवा, आरके सिंह, सीएफ आरके जैन, सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व पर्यावरणविद् मौजूद रहे।

उदयपुर पोस्टिंग की यादें की ताजा
पांडे ने उदयपुर में अपनी प्रथम नियुक्ति की जानकारी देते हुए बताया कि उनका उदयपुर से लगाव है पर वन व वन्यजीव संरक्षण में जो काम हुआ वो उनकी टीम ने किया। उन्होंने यहां प्रकृति के संरक्षण के साथ वनों के उपयुक्त रखरखाव एवं प्रबंधन की सराहना की। दयपुर में झील संरक्षण के कार्य की तारीफ की और कहा कि इसका श्रेय यहां के निवासियों को जाता है। पांडे ने कहा कि जयपुर में अभी भी झीलों का संरक्षण अधूरा है।

वन विभाग के अधिकारियों को फील्ड करते रहना चाहिए
वन एवं वन्यजीव संरक्षण-संवर्धन विषय पर पांडे ने कहा कि वन विभाग के अधिकारियों को लगातार फील्ड का भ्रमण करना चाहिए। अफसर जंगलों में घूमता रहेगा तो सब स्थितियां अनुकूल हो जाती है। उन्होंने ग्रीन पीपल सोसाइटी द्वारा जैव विविधता व पर्यावरण संरक्षण के लिए किये जा रहे कार्यों व प्रभावी प्रयासों की सराहना की।


