मतगणना शनिवार को
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। छात्र संघ चुनाव में शुक्रवार को हुई वोटिंग मेें उदयपुर में छात्रों का उत्साह उम्मीद से कम नजर आया। एक तरह से यह कहा जाए तो भी गलत नहीं होगा कि आम तौर पर पंचायत चुनावों की वोटिंग में जितना नजर आता है वैसा माहौल भी छात्र संघ चुनाव की वोटिंग में नजर नहीं आया। कुछ जगह नारेबाजी के बीच छात्रों में नोंक झोंक की स्थिति भी बनी, लेकिन पुलिस की सख्ती से छात्र नेता ज्यादा उग्र नहीं हो पाए। शनिवार को मतगणना होकर चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
उदयपुर शहर में सुखाडिय़ा विश्वविद्यालय के संघटक आर्ट्स कॉलेज, कॉमर्स कॉलेज, लॉ कॉलेज और साइंस कॉलेज के साथ ही एमजी कॉलेज में सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक मतदान हुआ। शुरूआती दौर में ही मतदान के प्रति छात्रों को धीमा रूझान नजर आ गया। दोपहर 12 बजे तक भी उम्मीद अनुरूप वोटिंग नहीं होने से कई प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के चहरे पर चिंता बढ़ती नजर आयी। चिंता इस बात की है कि कम वोटिंग से किसी के भी हार जीत के समीकरण गड़बड़ा सकते है। इस चुनाव में सभी की निगाहें खासकर सुखाडिय़ा विश्वविद्यालय के केंद्रीय छात्र संघ अध्यक्ष पद के परिणाम पर टिकी हुई है।
आर्ट्स कॉलेज में सबसे कम वोटिंग
सुविवि कॉलेज प्रशासन के अनुसर इस चुनाव में आर्ट्स कॉलेज में 47.29 प्रतिशत, कॉर्मस में 53 प्रतिशत, साइंस में 55.71 प्रतिशत और लॉ कॉलेज में 54.99 प्रतिशत वोटिंग हुई। कुल मिलाकर 7092 छात्रों ने वोट डाले है और 52.26 प्रतिशत वोटिंग हुई है। शांति पूर्वक चुनाव के लिए कॉलेज परिसर के आसपास पुलिस लगातार सक्रिय बनी रही, मैन गेट के आसपास भीड़ एकत्र होने पर भी सख्ती नजर आयी।
नोंक झोंक होती रही, पुलिस लाठियां पटक-पटक कर शांत करवाती रही माहौल

छात्र संघ चुनाव की वोटिंग के दौरान कॉमर्स कॉलेज के बाहर सबसे ज्यादा नोंकझोंक का माहौल बनता नजर आया। यहां एबीवीपी और एनएसयूआई समर्थकों के बीच नारेबाजी के बीच कई बार नोंक झोंक की स्थिति बनी। हालांकि पुलिस तत्काल एक्टिव होकर सडक़ पर लाठिया पटक कर छात्रों की भीड़ को दूर करती नजर आयी। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में रहे इसके लिए एडिशनल एसपी चंद्रशील ठाकुर के साथ ही एसपी विकास शर्मा भी सुबह से ही चुनावी माहौल पर नजरें गड़ाए रहे।

एमपीयूएटी में छात्रों के उत्साह के चलते 82.27 प्रतिशत वोटिंग
सुविवि के संघटक कॉलेजों में वोटिंग कम हुई, लेकिन महाराणा प्रताप कृषि विश्वविद्यालय में छात्रों के उत्साह के चलते 82.27 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 2730 छात्र मतदाताओं से 2246 ने वोट डाले है। वोटिंग के दौरान कॉलेज प्रशासन ने वीडियोग्राफी भी करवायी। मतगणना शनिवार सुबह 11 बजे शुरू होगी।



