उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। देवास प्रोजेक्ट-2 के तहत बना आकोदड़ा बांध शनिवार सुबह करीब पांच बजे ओवरफ्लो हो गया। इससे अब मानसी वाकल बांध के भरने की उम्मीद भी बढ़ गई है। जो कि अभी पूर्ण भराव क्षमता के मुकाबले करीब 4 मीटर खाली है। मानसी वाकल बांध में देवास प्रोजेक्ट-2 के तहत ही बने मादड़ी बांध से भी आवक बनी हुई है।
सुखेर का नाका से पानी की आवक बनी रहने से 18.40 मीटर पूर्ण भराव स्तर वाला आकोदड़ा बांध शनिवार सुबह करीब पांच बजे ओवरफ्लो हो गया। इससे अब मानसी वाकल बांध में आवक तेज हो जाएगी। अभी तक मादड़ी बांध से ही मानसी वाकल बांध में पानी की आवक हो रही थी। मादड़ी बांध से आवक शुरू होने से पहले तक पीछले दिनों ही मानसी वाकल बांध करीब 9 मीटर खाली था। अभी मानसी वाकल का गेज 581.20 मीटर पूर्ण भराव स्तर के मुकाबले 577 मीटर हो चुका है। देवास प्रथम बांध का गेज 34 फीट के मुकाबले 31 फीट 3 इंच हो चुका है।
शहर के 12 वार्डों की कॉलोनियों और झाड़ोल के 22 गांवों की चिंता हो रही दूर
मानसी वाकल बांध जैसे जैसे भरता जा रहा वैसे वैसे उदयपुर शहर के 12 वार्डों की कॉलोनियों और झाड़ोल क्षेत्र के 22 गांवों की चिंता दूर होती जा रही है। इन क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था सीधे तौर पर मानसी वाकल बांध से जुड़ी हुई है। मानसी वाकल बांध खाली रह जाने से इन कॉलोनियोंं में 2019 में भी जलदाय विभाग को कई दिनों तक 72 घंटे में एक बार यानी तीन दिन में एक बार पानी की सप्लाई करने मजबूर होना पड़ा था।

21 से 23 अगस्त मेवाड़ में तेज बारिश के है आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार 21 से 23 अगस्त को उदयपुर संभाग में कई जगह भारी बारिश हो सकती है। शहर की पीछोला और फतहसागर में पानी की आवक अभी बनी हुई है। सीसारमा नदी में साढ़े तीन फीट और मदार नहर में सवा फीट पानी का बहाव बना हुआ है। आयड़ नदी से आवक बनी रहने से उदयसागर के दोनों गेट अभी भी 6-6 फीट खुले हुए हैं। इससे वल्लभनगर बांध होते हुए ्बडग़ांव बांध में आवक बनी हुई है।



