कई नदी नालेें है उफान पर : जगह जगह रपट किनारे पुलिस जाब्ता तैनात
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार मेवाड़ में बीती रात भी मानसून सक्रिय रहा। बीते 24 घंटे में राजस्थान में सबसे अधिक 173 मिलीमीटर बारिश उदयपुर संभाग के प्रतापगढ़ जिले के अरनोद में हुई।
मानसून के सक्रिय रहने से उदयपुर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, जयपुर, पाली व जालौर जिलों में कहीं कहीं भारी से भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार सुबह आठ बजे तक 24 घंटे में अरनोद में 173 मिलीमीटर बारिश हुई। जो कि बीते 24 घंटे में राजस्थान में किसी भी स्थान पर हुई बारिश में सबसे अधिक है।
प्रतापगढ़ 110, डूंगरपुर 119,जयसमंद 148,कोटड़ा 132 मिलीमीटर बारिश हुई है। माउंट आबू 169, खेर 165, आबूरोड 130, शिवगंज 113,पींडवाड़ा 108, झालावाड़ में 157, परवन डेम 105, जोधपुर के बालेश्वर में 125, पाली के सुमेरपुर में 101 मिमी बारिश हुई है। इनके अलावा प्रदेश में 35 से अधिक स्थानों पर 60 से 100 मिलीमीटर के बीच बारिश हुई है।

उदयसागर से आवक तेज : कभी भी छलक सकता वल्लभनगर बांध
उदयपुर सहित मेवाड़ में कई जगह बुधवार को भी सुबह से रूक रूक बारिश का क्रम बना हुआ है। बीती रात कई जगह भारी से भारी बारिश होने से नदी नाले उफान पर रहे। कई माही बांध सहित कई तालाबों के गेट खोलने पड़े तो जाखम सहित कई बांध ओवरफ्लो हो गए। इधर उदयसागर के गेट खुले होने से वल्लभनगर बांध अब कभी भी ओवरफ्लो हो सकता है। इससे बडग़ांव बांध में भी आवक शुरू हो सकेगी। बाघेरी का नाका, मदार तालाब सहित कई बांधों,तालाबों पर चादर चलने का क्रम बना हुआ है।

इस मानसून में मेवाड़ में जयसमंद में सबसे अधिक बारिश
इस मानसून में उदयपुर संभाग में अब तक जयसमंद में सबसे अधिक कुल 1397 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। कोटड़ा 1019, चित्तौड़ के गंभारी में 1185, प्रतापगढ़ 1140, भीलवाड़ा के जैतपुरा में 1062 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। झीलों के कैचमेंट में तेज बारिश का पूरे सावन में इंतजार बना रहा, लेकिन भादवा माह में मानसून की मेहरबानी बरसती नजर आ रही है।




