राखी स्टॉलों और मिठाईयों की दूकानों पर लगी भीड़
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। रक्षा बंधन का पर्व गुरुवार को मनाया जाएगा। दो साल कोरोना काल के कारण कहीं न कहीं रक्षा बंधन पर्व पर भी असर रहा, लेकिन इस साल लोगों में उत्साह ज्यादा नजर आ रहा है।
उदयपुर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी बुधवार सुबह से ही राखी की स्टॉलों, दूकानों पर राखी खरीदने को लेकर महिलाओं, युवतियों की चहल पहल बनी रही। इस बार हिरणमगरी, धानमंडी, प्रतापनगर, सूरजपोल, बापू बाजार, फतेहपुरा, अंदरूनी शहर के बाजार सहित शहर भर में राखी की स्टॉलें भी ज्यादा नजर आ रही है। राखी की स्टॉलों के साथ ही मिठाईयों की दुकानों पर भी सुबह से खरीददारों की भीड़ लगी नजर आ रही है।

रेल व बसों में यात्री भार बढ़ा
रक्षा बंधन पर्व के चलते रोडवेज और प्राईवेट बसों के साथ ही रेलों में भी यात्री भार में काफी बढ़ोतरी हुई है। उदियापोल रोडवेज बस स्टैंड के साथ ही सिटी रेलवे स्टेशन और राणा प्रतापनगर रेलवे स्टेशन पर आम दिनों के मुकाबले बुधवार को यात्रियों की भीड़ ज्यादा नजर आयी।



