बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
उदयपुर/गोगुंदा,(एआर लाइव न्यूज)। जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र के मजावद गांव में सोमवार रात घर में अकेली रह रही वृद्धा के साथ लूटपाट कर उसकी हत्या कर दी गयी। आज सुबह ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मय जाब्ता मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बताया कि मजावद निवासी बुजुर्ग महिला बगुबाई पत्नी स्वर्गीय भंवरलाल सुथार घर में अकेली रहती थी। उनके दो बेटे अहमदाबाद रहते हैं और पति की मृत्यु हो चुकी है। सोमवार रात को अज्ञात बदमाशों ने वृद्धा की सिर में वार कर हत्या कर दी। घर के बॉक्स, अलमारियां सभी खुली पड़ी हैं और सामान बिखरा है, ऐसे में अंदेशा है कि बदमाश लूटपाट की नियत से आए थे। वृद्धा के सामान में रखे जेवर लूटे और फिर वृद्धा की हत्या कर फरार हो गए।
सुबह सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी, डॉग स्क्वॉयड और एफएसएस टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बदमाश इतने बेखौफ हो गए हैं कि घरों में घुसकर लटपाट, हत्या तक कर रहे हैं। घर में रह रहे बुजुर्ग सुरक्षित नहीं हैं।



