फतेहसागर में आवक हुई शुरू
लखावली क्षेत्र में गांव के सभी रास्ते दरिया बने
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। सावन के पहले दिन गुरुवार को उदयपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह बहुत तेज बारिश हुई। झामुड़िया की नाल, ईसवाल क्षेत्र में तेज बारिश होने से थूर की पाल छलक गई।
सावन के पहले सोमवार को शहर में हल्की बारिश हुई, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में तेज बारिश का दौर चला। थूर की पूरी पाल से पानी गिरना शुरू हो गया है। हालांकि अभी मदार के दोनों तालाब काफी खाली है, लेकिन गोगुन्दा-ईसवाल की पहाड़ियों में हुई तेज बारिश से ही थूर की पाल छलक गई। इससे मदार नहर होते हुए फतेहसागर में पानी की आवक शुरू हो गई है।
गोगुन्दा क्षेत्र में तेज बारिश होने से उदयपुर-पिंडवाड़ा हाइवे पर झरने चलने लग गए। कुछ जगह पहाड़ो से चट्टाने भी हाइवे पर गिरी। इस क्षेत्र में हाइवे दरिया बना नजर आया।

बीती रात मावली के बागोलिया में 86 मिमी बारिश

बीती रात मावली में 60 और बागोलिया में 86 मिलीमीटर बारिश हुई।जबकि बांसवाड़ा के बागीदौरा में सबसे ज्यादा 98 मिलीमीटर बारिश हुई। संभाग में अन्य कई क्षेत्रों में भी तेज बारिश हुई है। इससे नदी नालों में बहाव जारी है।

लखावली-डांगियो का गुड़ा गांव में हर तरफ पानी
शहर से सटे लखावली-डांगियो का गुड़ा क्षेत्र में इतनी तेज बारिश हुई कि गांवों की गलियां-चौक दरिया बन गए। लखावली तालाब में एक बारिश में ही उम्मीद से ज्यादा पानी की आवक हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने गांव में एक ही बारिश में हर तरफ इतना पानी बहता कभी भी नहीं देखा।

उबेश्वर जी मार्ग पर रपट हुई जलमग्न
उबेश्वर जी क्षेत्र में भी तेज बारिश हुई। बड़ी तालाब को भरने वाली नदी के तेज पानी आने से इस मार्ग पर बनी रपट पर पानी का बहाव तेज होने से काफी देर उबेश्वर जी-उदयपुर मार्ग अवरुद्ध रहा। हालांकि मोरवानीया गांव में रपट की जगह ऊंची पुलिया बनने से इस बार लोगों को बड़ी राहत मिली है।




