कन्हैयालाल हत्याकांड को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का किया दौरा
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे मंगलवार को शहर के हाथीपोल क्षेत्र के मालदास स्ट्रीट में टेलर कन्हैयालाल साहू की दुकान के बाहर पहुंची। इसी दूकान पर 28 जून को युवा टेलर कन्हैयालाल साहू की हत्या कर दी गई थी। वसुंधरा राजे ने घटना स्थल देखा और आसपास के कुछ व्यापारियों से चर्चा भी की।
वसुंधरा राजे ने कहा कि बाजार की इतनी तंग गलियों में कोई अपराधी बेखौफ तरीके से किसी निर्दोष का गला काटकर चला जाए। ऐसी घटना किसी बड़ी साजिश और साथ के बिना संभव नहीं है। उदयपुर घटना होते ही तुरंत इसकी जांच एनआईए को सौंपने पर वसुंधरा राजे ने प्रधानमंत्री और नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद भी दिया।

लोगों में भय व आक्रोश का माहौल है
वसुंधरा ने कहा कि पीडि़त परिवार, पुलिस व प्रशासन का पक्ष सुनना अलग बात है, लेकिन यहां के स्थानीय लोगों का पक्ष जानना भी हमारे लिए जरूरी है। लोगों से मुलाकात में एक बात जो निकलकर सामने आई वो यह है कि पुलिस तंत्र यहां पूरी तरह फेल है, तथा लोगों में भय व आक्रोश का माहौल है।

हत्यारोंं को पकडऩे वाले पुलिस कर्मियों की तारीफ
वसुंधरा राजे कन्हैयालाल हत्याकांड के दोनों आरोपियों को भागते समय भीम क्षेत्र में पकडऩे वाले पुलिस कर्मियों शक्ति सिंह और प्रहलाद सिंह की तारीफ भी की। वसुंधरा राजे ने कहा कि मैं उन दोनों की बहादुरी को सलाम करती हूं, जिन्होंने राजसमंद में साहस दिखाते हुए कन्हैयालाल हत्याकांड के आरोपियों को रोकने व पकड़वाने में मदद की। इन दोनों बच्चों ने समाज के लिए उदाहरण पेश किया है, जिन्हें सरकार द्वारा सम्मानित किया जाना चाहिए।




