उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। मेवाड़ सहित राजस्थान के कई क्षेत्रों में प्री-मानसून की बारिश का दौर अब अंतिम चरण में है। प्रदेश में मानसून के दस्तक देने से पहले लगातार प्री-मानसून की बारिश नहीं होने से उदयपुर सहित कई क्षेत्रों में उमस का असर तेज बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में बीकानेर, जयपुर, अजमेर, कोटा और भरतपुर संभाग में मध्यम से तेज दर्जे की मानसून पूर्व की बारिश दर्ज की गई है। बारां में सबसे ज्यादा 110 मिलीमीटर बारिश हुई है। फुलेरा(जयपुर) में 82 मिलीमीटर, मकराना(नागौर) में 76 मिलीमीटर, सांभर 70, श्रीमाधोपुर 68 व मकराना में 76 मिमी बारिश हुई है।

22 जून से राज्य में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी
मौसम विभाग के अनुसार 21 जून को बीकानेर संभाग के गंगानगर, हनुमानगढ़ एवं आसपास के जिले जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज होने की भी संभावना है। 22 जून से राज्य में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। पश्चिमी राजस्थान में 23 जून से मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है।



