हरियाणा में इंटरनेट बंद
नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के खिलाफ शुरू हुए आंदोलन की आग कई राज्यों तक पहुंच गयी है। शुक्रवार को बिहार, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल में आंदोलन ने हिंसक रूप धारण कर लिया। जहां तेलंगाना में एक की मौत हो गयी, तो बिहार में आंदोलनकारियों ने एक ट्रेन की बोगियों में आग लगा दी और बिहार डिप्टी सीएम, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के आवास पर हमला किया।
तेलंगाना में आंदोलनकारियों ने तोड़फोड़ कर जब ट्रेन का आग लगाई तो स्थिति नियंत्रण में करने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें एक आंदोलनकारी की मौत हो गयी और कई लोग घायल हुए हैं। बिहार, तेलंगाना में हुए हिंसक प्रदर्शन के चलते कई ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गयी हैं। इधर उत्तर प्रदेश में भी युवाओं ने इस योजना के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।

पश्चिम बंगाल में रेल रोका आंदोलन हुआ
आंदोलन की आग पश्चिम बंगाल तक भी पहुंच गयी है। ठाकुरनगर में सियालदह-बनगांव खंड में रेल रोका आंदोलन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने अग्निपथ योजना का विरोध किया और सड़कों पर उतर कर नारेबाजी की। इससे कई रूट की ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं। पश्चिम बंगाल के अलग-अलग जिलों में प्रदर्शन हुए। हावड़ा ब्रिज भी जाम किया गया।

हरियाणा सरकार ने अग्निपथ सैन्य योजना के खिलाफ आंदोलन के कारण राज्य में संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति के मद्देनजर मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं को निलंबित कर दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से अगले 24 घंटे और शाम 4.30 बजे तक लागू रहेगा।




