पुलिस कर रही जांच- हत्या किसी प्रेम प्रसंग का परिणाम तो नहीं है..?
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र के सुंदरवास स्थित शिवज्योति कॉम्पलैक्स में बुधवार दोपहर दो बदमाशों ने एक महिला नेहा (30) पत्नी चंदन सिंह की घर में घुसकर गोली मार कर हत्या कर दी। महिला की जिस समय हत्या हुई, घर में सिर्फ उसकी डेढ़ साल की बच्ची थी।
महिला और उसका पति मूलतः बिहार के रहने वाले हैं और काम के चलते उदयपुर में फ्लैट किराए पर लेकर रहे थे। पुलिस हत्या के आरोपियों के बिहार से संबंधित होने की आशंका भी जता रही है, क्यों कि क्यों कि बदमाशों में हत्या में उपयोग की स्कूटी किराए से ली थी और महिला के उदयपुर में ज्यादा कोई जानकार नहीं थे।
घटनाक्रम के अनुसार बदमाश कॉम्पलैक्स के तीसरे फ्लोर पर महिला के फ्लैट तक आए, दरवाजा खुलते ही उन्होंने महिला पर बंदूक तानी, महिला बचने के लिए घर के अंदर बालकनी तक भागी, जहां बदमाशों ने उसके सिर पर गोली मारी और फरार हो गए। इस दौरान बदमाशों ने वहां तीन फायर किए। प्रथमदृष्ट्या आशंका जताई जा रही है कि किसी ने इन बदमाशों को महिला की हत्या की सुपारी दी थी।

गोली की आवाज सुनकर अपार्टमेंट में रहने वाले कुछ लोग फ्लैट पर आए, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे, एक महिला ने उन बदमाशों को रोका भी, लेकिन वे महिला की बात को अनसुना कर भाग गए। सूचना पर पुलिस एसपी मनोज कुमार, एडिएसपी अशोक मीणा, डीएसपी जरनैल सिंह, थानाधिकारी दर्शन सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जाब्ता मौके पर पहुंचा। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से बंदूक के तीन कारर्टेज बरामद किए।
सीसीटीवी फुटेज से मिले हुलिए के अनुसार पुलिस दो बदमाशों की कर रही तलाश

पुलिस ने बताया कि सुंदरवास स्थित शिव ज्योति अपार्टमेंट के तीसरे फ्लोर के फ्लैट में चंदन सिंह, पत्नी नेहा और डेढ़ साल की बच्ची के साथ करीब 1 साल से रह रहा है। चंदन सिंह मूलतः बिहार के रहने वाला है, उदयपुर में चश्मे के ग्लास बनाने की फैक्ट्री में काम करता है और पत्नी-बच्ची के साथ फ्लैट में किराए पर रह रहा था। घटना के समय वह काम पर ही गया हुआ था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से मिले हुलिए के अनुसार दो संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।
बदमाशों ने एक बच्ची को फोटो दिखाकर पूछा- ये कहां रहते हैं..

अपार्टमेंट में रहने वाली एक छोटी बच्ची ने पुलिस को बताया कि दो लोग हेलमेट पहने हुए आए थे। उन्होंने नेहा आंटी की फोटो दिखाकर पूछा था कि ये लोग कहां रहते हैं। इस पर बच्ची उन दोनों को महिला के फ्लैट तक ले गयी थी और फिर वापस उसके घर आ गयी थी। इसके बाद बदमाशों ने फ्लैट की घंटी बजाकर दरवाजा खुलवाया और महिला की हत्या की।
इससे लगता है कि मारने आए बदमाश महिला या उसे पति को किसी सीधे संपर्क से नहीं जानते थे। जानते होते तो यह पता होता कि वे अपार्टमेंट के किस फ्लोर और फ्लैट में रहते हैं।
किसी पुराने प्रेम प्रसंग की आशंका: कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए महिला, उसके पति और संबंधित लोगों की कॉल डिटेल खंगाल रही है। पुलिस इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि यह हत्या किसी प्रकार के प्रेम प्रसंग का परिणाम तो नहीं है।






