उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)।राजस्थान से राज्यसभा की चार सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने आखिरकार रविवार देर शाम प्रत्याशी घोषित कर दिए। अन्य राज्यों में भी प्रत्याशी घोषित किये गए है।
भाजपा ने तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए एक सीट पर संघ पृष्ठभूमि से आने वाले वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाड़ी को प्रत्याशी बनाया है। तिवाड़ी सांगानेर से विधायक रह चुके हैं और राजस्थान सरकार में मंत्री भी रह चुके है। भाजपा दूसरी सीट पर भी प्रत्याशी उतारेगी या नहीं रविवार देर रात तक भी स्थिति साफ नहीं हो पायी है।

घनश्याम तिवाड़ी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल है। हालांकि लगातार उपेक्षा और प्रदेश भाजपा में चल रही गुटबाजी के चलते उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा छोड़कर दीनदयाल वाहिनी पार्टी बनाई। कई सीटों पर प्रत्याशी भी उतारे लेकिन तिवाड़ी का दांव फेल हो गया। बाद में वे कांग्रेस में शामिल हुए वे ज्यादा दिन तक कांग्रेस का दामन थाम कर आगे नहीं बढ़ पाए। आखिरकार उनकी करीब साल भर पहले फिर से भाजपा में वापसी हुई और आज राज्यसभा चुनाव के लिए उनको प्रत्याशी भी घोषित कर दिया गया।
कांग्रेस ने स्थानीय दावेदारों की उम्मीदों पर पानी फेरा
कांग्रेस ने भी रविवार रात राजस्थान से राज्यसभा के लिए तीनों उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुकुल वासनिक और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी को प्रत्याशी बनाया है। खास बात यह है कि तीनों ही प्रत्याशी राजस्थान के नहीं होकर बाहरी राज्यों से ताल्लुक रखते है। ऐसे में राजस्थान और मेवाड़ से कुछ नेता राज्यसभा में जाने का सपना संजोए हुए थे उनकी उमीदों पर पानी फिर गया। कई कांग्रेस कार्यकर्ता भी पार्टी के इस निर्णय से हैरान नजर आ रहे है।



