चयन के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू
वन विभाग के प्रमुख शासन सचिव शिखर अग्रवाल की पहल
जयपुर(एआर लाइव न्यूज)। राज्य में पाई जाने वाली तितलियों की प्रजाति में से एक प्रजाति को राज्य तितली घोषित करने की चयन के लिए वन विभाग द्वारा नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वन एवं पर्यावरण विभाग के प्रमुख शासन सचिव शिखर अग्रवाल की पहल पर पर्यावरण एवं जैवविविधता के संरक्षण में तितलियों के योगदान को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होनें बताया कि तितलियों को संरक्षण मिलने से राजस्थान में बटरफ्लाई टूरिज्म एवं रोजगार की सम्भावना को भी बढावा मिलेगा।

राज्य में तितली की लगभग 100 प्रजातियां पाई जाती हैं
प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन बल प्रमुख डॉ. डीएन पाण्डेय ने बताया कि राज्य में तितली की लगभग 100 प्रजातियां पाई जाती हैं। तितलियाँ स्वस्थ इको-सिस्टम का महत्वपूर्ण घटक है एवं जैव विविधता के लिए परागण के माध्यम से अहम योगदान करती है। तितलियां, पक्षी,लिजार्ड प्रजाति, वास्प, मधुमक्खी, चींटी एवं अन्य जीवों के खाद्य बैंक के रूप में भी काम करती है।

राजस्थान भारत में आठवां राज्य होगा जो राज्य तितली घोषित करेगा
डॉ. डीएन पाण्डेय ने बताया कि भारत सरकार भी जैव विविधता में तितलियों के योगदान को देखते हुए इस दिशा में कार्य कर रही हैं। उन्होनें बताया कि राजस्थान भारत में आठवां राज्य होगा जो राज्य तितली घोषित करेगा। तितलियों की प्रजातियों में से एक को राज्य तितली घोषित करने के चयन के लिए आजमन, विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, शोध अनुसंधान करने वाले संस्थानों एवं सिविल सोसाइटी से ऑनलाईन नामांकन 20 मई से आगामी 30 दिवस तक वन विभाग की वेबसाईट https://forest.rajasthan.gov.in/ के माध्यम से किया जा सकता है।




