नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते जहां चौथी लहर की आहट है, इसी बीच देश में अब 6 से 12 साल तक के बच्चों को भी वैक्सीन लग सकेगी। औषधि महानियंत्रक (DCGI) ने 6 से 12 साल तक के बच्चों के लिए भारत बायोटेक की कोवैक्सिन को इमरजेंसी यूज की मंजूरी दे दी है। वहीं 12 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए जायडस कैडिला की जायकोव-डी वैक्सीन को भी इमरजेंसी यूज की मंजूरी दी गई है।
देश में बच्चों को कोरोना वैक्सीन देने की शुरूआत 3 जनवरी से हुई थी। अब तक देश में साढ़े 12 लाख से अधिक बच्चों को कोरोना वैक्सीन दी जा चुकी है। अभी तक देश में 12 से 14 साल तक के बच्चों को कोर्बेवैक्स वैक्सीन दी जा रही है, वहीं 15 से 17 साल के बच्चों को कोवैक्सीन दे रहे हैं।
अब मंजूरी के बाद 6 से 12 साल तक के बच्चों को कोवैक्सीन देने के साथ ही 12 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए जायकोव-डी वैक्सीन भी उपलब्ध हो सकेगी। ऐसे में बच्चों के लिए अब 3 प्रकार की वैक्सीन उपलब्ध हो सकेंगी।





