ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पॉवर लिफ्टिंग प्रतियोगिता
उदयपुर(एआर लाइव न्यूज़)। जनार्दनराय नागर राजस्थान विद्यापीठ डीम्ड टू बी विश्वविद्यालय के स्पोट्स विभाग की मेजबानी में चल रही ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पॉवर लिफ्टिंग पुरूष वर्ग में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय मोहाली ने चैम्पियनशीप ट्राफी अपने नाम की। दूसरे स्थान पर मद्रास विश्वविद्यालय चैन्नई व तीसरे स्थान पर अन्ना विश्वविद्यालय आन्ध्रा की टीम रही।
देर रात 120 किलो वेट में हुए मुकाबले में एसबीबी विश्वविद्यालय जालंधर के अनिल शर्मा ने कुल 890 किलो वजन उठा स्वर्ण पदक अपने नाम किया। डॉ. आरएलए विश्वविद्यालय के धमेन्द्र शर्मा ने कुल 882.5 किलो वजन उठा रजत पदक अपने नाम किया। चण्डीगढ विवि के गौरव शर्मा ने कुल 857.5 किलो वजन उठा कास्य पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा वजन उठाने वाले खिलाड़ी बने अंकित
120 किलो से अधिक भार वर्ग में आरटीएमएन विवि नागपुर के अंकित ने कुल 955 किलो वजन उठा स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अंकित प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा वजन उठाने वाले खिलाड़ी बने। चण्डीगढ विवि के लक्ष्य त्यागी ने कुल 870 वजन उठा रजत पदक जीताभारतीहार विवि के पी निशांत ने कास्य पदक अपने नाम किया।
विजेताओं को कुलपति प्रो. एसएस सारंगदेवोत, स्पोटर््स बोर्ड सचिव डॉ. भवानीपाल सिंह राठौड, विनोद साहू, इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष हेमेन्द्र चौधरी, डॉ. रोहित कुमावत ने ट्राफी प्रदान की।

महिला पॉवर लिफ्टिंग प्रतियोगिता 22 से
आयोजन सचिव भवानी पाल सिंह राठौड़ ने बताया कि 22 अप्रेल से शुरू होने वाली ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पॉवर लिफ्टिंग महिला वर्ग की प्रतियोगिता में देश भर की 95 विश्वविद्यालयों के 700 से अधिक महिला पॉवर लिफ्टर के भाग लेने की संभावना है।
आयोजन सहसचिव डॉ. दिलीप सिंह चौहान ने बताया कि सोमवार को पंजाब, हरियाणा, आन्ध्रा, गुजरात, महाराष्ट्र की 25 टीमे उदयपुर पहुंच गई है।




