उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जिले के सलूंबर थाना क्षेत्र में मंगलवार को बदमाशों ने दिनदहाड़े पुलिस कांस्टेबल के साथ ही लूट की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाश इतने बेखौफ हो गए हैं कि पुलिस कांस्टेबल बदमाशों से कहता रहा कि मैं पुलिस वाला हूं, लेकिन बदमाशों ने फिर भी उससे 4000 रूपए, मोबाइल, एटीएम लूट लिया और फरार हो गए।
सलूंबर थाने के एएसआई ने बताया कि भूपेश कुमार सराड़ा एपीपी कार्यालय में कांस्टेबल पद पर कार्यरत है। मंगलवार को भूपेश सराड़ा एपीपी कार्यालय से ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहा था, तो रास्ते में सेरिया टोडा मार्ग पर काले रंग की बाइक पर आए दो बदमाशों ने उसकी बाइक के आगे बाइक लगाकर जबरन रोका। बदमाशों ने चाकू की नोंक पर कांस्टेबल से उसका बैग छीन लिया, जिसमें 4 हजार रूपए, मोबाइल, एटीएम और कुछ जरूरी दस्तावेज रखे थे।
पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती
पीड़ित कांस्टेबल ने पुलिस को बताया कि उसने बदमाशों से कहा कि वह पुलिस वाला है। यह सुनकर तब बदमाशों ने उलटा उसे ही धमकाया और कहा, होगा तू पुलिस में, पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती। यह कहकर बदमाश बैग लेकर फरार हो गए।





