उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। शहर से सटे बेड़वास के तुलसीनगर में स्थित शीतल इनफोसिस आईटी ज्ञान केन्द्र पर राज्य सरकार की इंदिरा महिला शक्ति प्रशिक्षण व कौशल संवर्धन योजना के तहत महिलाओं व बालिकाओं का निःशुल्क RS-CIT एवं RS-CFA कम्प्यूटर कोर्स का प्रशिक्षण आरम्भ हुआ।
प्रशिक्षण कोर्स के उदघाटन अवसर पर बेड़वास सरपंच शंकर गमेती ने समाज में महिला शिक्षा के महत्व एवं महिलाओं के लिए सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण आज के समय मे बहुत जरूरी है।
तीन माह और दो माह का मिलेगा प्रशिक्षण

केन्द्र संचालक ने बताया कि यहां RS-CIT कोर्स में 24 एवं RS-CFA कोर्स में 7 महिलाओं का प्रशिक्षण के लिए चयन हुआ है। RS-CIT कोर्स में चयनित महिलाओं को तीन माह एवं RS-CFA कोर्स में चयनित महिलाओं को दो माह का निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण दिया जायेगा। यह प्रशिक्षण केन्द्र पिछले 11 वर्षो से कम्प्यूटर शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत है।
इस प्रशिक्षण केन्द्र में 126 महिलाओं को निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण कोर्स (RS-CIT / RS-CFA) का लाभ मिला है। साथ हीं इन्होंने प्रशिक्षण केन्द्र के एक विशेष कार्यक्रम “एक काम समाज के नाम” के बारे में भी जानकारी दी जिसके तहत संस्थान द्वारा दो माह का निःशुल्क कम्प्यूटर कोर्स कराया जा रहा है। यह दो माह का निःशुल्क कम्प्यूटर कोर्स शहीद सैनिक के आश्रित के लिए तथा कोरोना महामारी के दौरान खोये अभिभावक के आश्रित के लिए पूर्णतः निःशुल्क है।




