एआर लाइव न्यूज। उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे। सोमवार को भाजपा विधायकों की हुई बैठक में सर्वसम्मति से उन्हें विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। धामी 23 मार्च को राज्य के सीएम पद की दूसरी बार शपथ लेंगे।
उत्तराखंड विधानसभा के 10 मार्च को आए चुनाव परिणाम में भाजपा कुल 70 में से 47 सीट जीत गयी थी, लेकिन पुष्कर सिंह धामी खुद खटीमा सीट से हार गए थे। चुनाव प्रचार में पुष्कर सिंह धामी ही मुख्यमंत्री का चेहरा थे, लेकिन उनके चुनाव में हारने के बाद पार्टी के दूसरे वरिष्ठ नेता सीएम पद की दावेदारी करने लगे थे। ऐसे में भाजपा हाईकमान ने सीएम का नाम तय करने में करीब 11 दिन लगा दिए और आज सोमवार को सीएम के नाम की घोषणा की गयी।


