प्रतापगढ़(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर संभाग के प्रतापगढ़ जिले के छोटीसादड़ी थाना क्षेत्र के ढावटा ग्राम पंचायत में देर रात को सरपंच ने ग्रामीणों पर गाड़ी चढ़ा दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। इनमें दो महिलाएं भी शामिल है।
घटनाक्रम अनुसार गांव में गैर नृत्य के दौरान सरपंच गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचा। वहां कुछ लोगों और सरपंच के बीच विवाद हुआ और इसी बीच सरपंच ने लोगों पर गाड़ी चढ़ा दी। इसमें एक महिला सहित छह लोग घायल हो गए।
ग्रामीणों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया

इस घटना के बाद ग्रामीणों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया और आरोपी सरपंच की गिरफ्तारी की मांग की। ढावटा गांव में सरपंच द्वारा ग्रामीणों पर गाड़ी चढ़ाने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को छोटीसादड़ी अस्पताल ले जाया गया। इनमें गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि घटना के वास्तविक कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।



