परिजनों ने जताया सरकार व प्रशासन का आभार, संभाग के और भी कई बच्चे यूक्रेन में फंसे हैं
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। रूस-यूक्रेन संकट के बीच यूक्रेन में फंसे भारतीय बच्चों को सकुशल स्वदेश लाने की मुहिम लगातार जारी है। बुधवार को तीन अगल-अलग विमानों से उदयपुर संभाग के 20 विद्यार्थी उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट पर पहुंचे। इनमें 13 बच्चे बांसवाड़ा, 2 भीलवाड़ा, 4 डूंगरपुर से और 1 चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा से है।
डबोक एयरपोर्ट पर एडीएम अशोक कुमार ने इन सभी बच्चों की अगवानी की और सकुशल स्वदेश पहुंचने पर बच्चों का स्वागत किया। जानकारी के अनुसार संभाग के और भी कई बच्चे यूक्रेन में फंसे हैं। प्रशासन परिजनों की मदद से उन बच्चों से संपर्क बना रहा है, ताकि उनकी सकुशल वापसी के इंतजाम किए जा सकें।
अपनी जमीं पर पैर रखते हुए खिले चेहरे, परिजन हुए भावुक

इन बच्चों के एयरपोर्ट लौटने पर वहां का माहौल देखने लायक था। भयावह मंजर से परिचित इन बच्चों ने जब अपनी जमीं पर पैर रखा तो हर चेहरा खिल उठा। वहीं अपने बच्चों को गले लगाकर अभिभावक.परिजन भी भावुक हो उठे। सकुशल अपने घर लौटने पर बच्चों और अभिभावकों ने सरकार और प्रशासन का आभार जताया।
ये विद्यार्थी पहुंचे घर

घर लौटे बच्चों में बांसवाड़ा से प्रथम श्रीमाल, चेल्सी जैन, जीनल शाह, उन्नति सेठ, भाविक पंचाल, किंजल त्रिवेदी, विंध्या दोशी व भव्य सिंह चौधरी बागीदौरा से निर्देश दोशी व ध्रुव जोशी, गढ़ी से प्रणय जैन, तनीषा मेहता व भूधर व्यास, डूंगरपुर से नंदिनी शर्मा, ऋतिक पाटीदार, पूजा मीणा व मोहित डेंडोर, भीलवाड़ा से अमृतांश एच अहलुवालिया व आकृति कांकरवाल व निम्बाहेड़ा से महेश टांक शामिल है।


